मुर्गी चौक में अतिक्रमण हटाने पर तनाव, एमएलसी पर दुर्व्यवहार का आरोप
हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद महानगर निगम (जीएचएमसी) द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पुराने शहर के मुर्गी चौक इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। अभियान के दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं पुलिस व जीएचएमसी कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
बताया गया कि आज सुबह मुर्गी चौक स्थित क्लॉक टॉवर के आसपास जैसे ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, स्थानीय दुकानदारों ने विरोध जताया। इसी दौरान मजलिस के एमएलसी रहमत बेग मौके पर पहुँचे और कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि करीब 80 साल पुरानी दुकानों को तोड़ा जा रहा है। एमएलसी के हस्तक्षेप के बाद जीएचएमसी अधिकारियों को कुछ समय के लिए अभियान रोकना पड़ा, जिससे स्थानीय व्यापारियों को राहत मिली। हालांकि, उनके पहुँचने से पहले ही कई दुकानों को ध्वस्त किया जा चुका था, जिससे प्रभावित दुकानदारों में नाराजगी देखी गई।
बिना नोटिस कार्रवाई पर दुकानदारों में नाराजगी
कई दुकानदारों ने बताया कि उन्हें पूर्व नोटिस नहीं दिया गया और न ही सामान हटाने के लिए समय मिला। अचानक हुई कार्रवाई के चलते भारी नुकसान उठाना पड़ा। उधर, जीएचएमसी अधिकारियों ने बताया कि जिन ढांचों को हटाया गया, वे अवैध अतिक्रमण थे, जो सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर यातायात व पैदल चलने वालों के लिए बाधा बन रहे थे। इसी बीच, रहमत बेग ने मौजूद पुलिस अधिकारियों के साथ असभ्य भाषा में बातचीत की और जीएचएमसी वाहन के शीशे पर भी हाथ से मारा।
यह भी पढे़: फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर रहा है एमएमसी
बेग ने जीएचएमसी के क्रेन ऑपरेटरों के साथ भी गाली-गालौच की। पुलिस के समझाने के बावजूद रहमत के रवैये में बदलाव नहीं हुआ। एमएलसी के दुर्व्यवहार के वीडियोस सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद अधिकतर लोग मजलिस नेता के खिलाफ मामला दर्ज करने की माँग कर रहे हैं। इसके अलावा पुराना पुल, महबूब चौक, मदीना बिल्डिंग, हुसैनी अलम तथा सिकंदराबाद में मोंडा मार्केट के पास भी अतिक्रमण हटाने के दौरान कारोबारियों के विरोध का सामना करना पड़ा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



