भाजपा के विधानसभा घेराव के दौरान तनाव

हैदराबाद, कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा द्वारा आज किए गए विधानसभा घेराव के दौरान काफी देर तक स्थिति तनावपूर्ण रही। बैरिकेड्स पार करने की कोशिश कर रहे कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया, जिससे कुछ समय के लिए पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव पुलिस की नज़र से बचते हुए ऑटो रिक्शा से विधानसभा गेट तक पहुंच गये और वहां विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें अन्य नेताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

रामचंदर राव ने पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन के पास संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले कल्याण और सुशासन से जुड़े बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब प्रजा पालन योजना से जनता के साथ धोखा किया जा रहा है। पिछले दो वर्षों में किसानों, महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों और पेंशनधारकों से किए गए कई वादे पूरे नहीं हुए हैं, जिससे लोगों में निराशा बढ़ी है।

यह भी पढ़ें… मूसी परियोजना में पारदर्शिता का अभाव : रामचंदर राव

26 महीने बाद भी वादे पूरे न करने का आरोप

कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए 26 महीने हो चुके हैं, लेकिन उसने जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 800 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, जिनमें करीब 150 महिलाएं भी शामिल हैं। कई नेताओं को आधी रात से ही नजरबंद कर दिया गया और दूसरे जिलों से आने वाले कार्यकर्ताओं को हैदराबाद में प्रवेश नहीं करने दिया गया।

रामचंदर ने कहा कि सरकार की छह गारंटी में से कोई भी योजना ठीक से लागू नहीं हो रही है। सिर्फ महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा ही लागू हुई है, बाकी योजनाएं सिर्फ कागजों में ही हैं। रामचंदर राव ने कहा कि किसानों को रैतु भरोसा योजना के तहत पैसा नहीं मिला है, फीस रिअम्बर्समेंट के हजारों करोड़ रुपये बकाया हैं और कई जगह छात्रों के प्रमाण पत्र रोके जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार पेंशन और कर्मचारियों के लाभों के मामले में भी लापरवाही बरत रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता के हक के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी।

भाजपा के विधायकों वेंकट रमणा रेड्डी, पायल शंकर और धनपाल सूर्यनारायण गुप्ता ने पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन में एन. रामचंदर राव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और बाद में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने रामचंदर राव की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना करते हुए इसे सरकार का अलोकतांत्रिक रवैया बताया। भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। उल्लेखनीय है कि असेंबली घेराव के दौरान बीजेपी के राज्य महासचिव तुल्ला वीरेंद्र गौड़ को पुलिस ने गिरफ्तार कर चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन भेज दिया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button