टीजीबीआईई सचिव ने की इंटरमीडिएट पब्लिक परीक्षा तैयारियों की समीक्षा
हैदराबाद, तेलंगाना बोर्ड ऑफ इंटरमीडिएट एजुकेशन (टीजीबीआईई) सचिव कृष्ण आदित्य ने जिला इंटरमीडिएट शिक्षा अधिकारियों तथा जिला परीक्षा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर इंटरमीडिएट पब्लिक परीक्षा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को जिला कलेक्टरों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने और परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी ढाँचागत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने की बात कही गई।
जिला परीक्षा समितियों के साथ परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद परीक्षाओं के निष्पक्ष और कुशल संचालन को सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न दिशा-निर्देश जारी किए गए। इनमें कहा गया कि परीक्षा संबंधी कार्यों के लिए अनुभवी कर्मचारियों को तैनात किया जाना चाहिए। सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की त्रुटियों से बचने के लिए परीक्षा कर्मचारियों के विवरणों का सटीक सत्यापन किया जाना चाहिए। प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के विवरण का जिलेवार और केंद्रवार निरीक्षण किया जाना चाहिए। साथ ही शांतिपूर्ण और व्यवधान मुक्त परीक्षा वातावरण बनाए रखने के लिए अधिकारियों के बीच उचित समन्वय सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
स्वच्छ शौचालय और पीने के पानी की हो समुचित व्यवस्था
जिला इंटरमीडिएट शिक्षा अधिकारियों तथा जिला परीक्षा समिति के सदस्यों को निर्देश देते हुए कहा गया कि वह यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में दीवार घड़ी लगी हो। प्रत्येक कक्ष में अच्छी अवस्था वाले पंखों और उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था हो। शौचालय स्वच्छ तथा पूरी तरह कार्यात्मक हों। पीने के पानी की समुचित सुविधा हो। सभी छात्रों को परीक्षा कक्ष के अंदर परीक्षा लिखने के लिए दोहरी डेस्क उपलब्ध करायी जाए।
यह भी पढ़ें… लोकतंत्र की मजबूती हेतु केंद्र तथा राज्य में समन्वय आवश्यक : प्रो. तिरुपति राव
किसी भी स्थिति में उन्हें फर्श पर बैठने के लिए मजबूर न किया जाए। टीजीबीआईई सचिव ने कहा कि परीक्षाओं की पारदर्शिता और दक्षता बनाए रखने के लिए सीसीआर द्वारा कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि इंटर बोर्ड परीक्षाओं के संचालन में उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि इंटर बोर्ड की लिखित परीक्षाएँ आगामी 25 फरवरी से 18 मार्च तक आयोजित होंगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



