टीजीसीएसबी ने साइबर सुरक्षा को लेकर महिला पत्रकारों को किया जागरूक

Ad

हैदराबाद, तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो (टीजीसीएसबी) द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आज साइबर सुरक्षा जागरूकता को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से महिला पत्रकारों को डिजिटल स्पेस में सुरक्षित और आत्मविश्वास से काम करने के साथ-साथ उभरते साइबर खतरों तथा सुरक्षा उपायों से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान से परिचित कराया गया।

तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो

तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी तथा टीजीसीएसबी की निदेशक शिखा गोयल की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह पहल विशेष रूप से महिलाओं और सार्वजनिक क्षेत्र में काम करने वाले पेशेवरों के बीच डिजिटल आत्मविश्वास, जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार और सक्रिय साइबर सुरक्षा प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो का प्रयास है।

जानकारी देते हुए बताया गया कि यह पहल इस बात पर जोर देती है कि साइबर खतरे वास्तविक होते हैं, लेकिन जागरूकता, सतर्कता तथा समय पर की गई कार्यवाही के माध्यम से इन्हें प्रभावी ढंग से कम तथा नियंत्रित किया जा सकता है। इससे उपयोगकर्ता बिना किसी डर के डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हुए सूचित, सतर्क तथा सुरक्षित रह सकेंगे।

डीजीपी ने दिया सतर्कता और सक्रिय रिपोर्टिंग की आवश्यकता पर बल

पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए साइबर अपराध के बढ़ते पैमानों तथा प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए सामूहिक सतर्कता और सक्रिय रिपोर्टिंग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने मीडियाकर्मियों को न केवल स्वयं की सुरक्षा करने, बल्कि अपने मंचों का उपयोग नागरिकों को साइबर सुरक्षा और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के बारे में शिक्षित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। अवसर पर उन्होंने इस जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन हेतु टीजीसीएसबी की सराहना भी की।

टीजीसीएसबी निदेशक शिखा गोयल ने कहा कि डिजिटल जगत सूचना आदि के अपार अवसर प्रदान करता है, लेकिन साथ ही साथ विभिन्न प्रकार के जोखिम भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और साइबर हाइजीन बचाव की पहली पंक्ति है। उपयोगकर्ता साइबर अपराध के प्रति काफी कम संवेदनशील होते हैं, जिसके चलते कभी-कभी प्रतिकूलता का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के बीच साइबर जागरूकता फैलाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

साइबर क्राइम सबसे अधिक नियंत्रित किया जा सकने वाला अपराध

शिखा गोयल ने कहा कि कुल मिलाकर साइबर अपराध सबसे अधिक नियंत्रित किया जाने वाला अपराध है, जिसे जागरूकता और सजगता के माध्यम से काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह कार्यशाला लक्षित प्रचार-प्रसार और हितधारकों की सहभागिता विशेष रूप से पत्रकारों जैसे प्रमुख समूहों के बीच जो सार्वजनिक विमर्श को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, के माध्यम से साइबर-जागरूक समाज के निर्माण के लिए टीजीसीएसबी की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद की सड़कों पर उतारी जाएँगी 2800 इलेक्ट्रिक बसें : पोन्नम प्रभाकर

साइबर हाइजीन तथा सुरक्षा उपायों पर वैटिंस CEO ने दी प्रस्तुति

वैटिंस के सीईओ सनी एनवी ने यहां आयोजित विशेष सत्र में साइबर स्वच्छता, उभरते साइबर खतरों और व्यावहारिक सुरक्षा उपायों पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए विभिन्न स्तरों पर सतर्क रहने की महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। कार्यशाला में साइबर अपराध के रुझान, पत्रकारों द्वारा सामना किए जाने वाले डिजिटल जोखिम और महिलाओं को निशाना बनाने वाले आम साइबर अपराध जैसे साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न, सेक्स्टॉर्शन, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, इमेज मॉर्फिंग और वैवाहिक धोखाधड़ी जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

साथ ही केस स्टडीज के माध्यम से इस बात पर भी प्रकाश डाला गया कि साइबर अपराधी किस प्रकार विश्वास, पहचान और डिजिटल व्यवहार का फायदा उठाते हैं। सत्र के दौरान प्रतिभागियों को साइबर अपराधों के शुरुआती संकेतों को पहचानने, व्यक्तिगत और व्यावसायिक डिजिटल उपस्थिति को सुरक्षित रखने, ऑनलाइन दुर्व्यवहार से निपटने और साइबर घटनाओं पर प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने के बारे में जागरूक किया गया। सत्र में राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और ऑनलाइन रिपोर्टिंग पोर्टल सहित आधिकारिक चैनलों के माध्यम से साइबर अपराध की तुरंत रिपोर्ट करने के महत्व पर भी विशेष रूप से बल दिया गया। अवसर पर विभिन्न मीडिया संगठनों की महिला पत्रकारों की उपस्थिति रही।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button