टीजीएसआरटीसी 7 मार्च तक मनाएगी राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह
हैदराबाद, तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) द्वारा राज्यव्यापी राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह आगामी 7 मार्च तक मनाया जाएगा।

नगर स्थित बस भवन में आयोजित कार्यक्रम में टीजीएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक वाई. नागी रेड्डी ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निगम में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी, सुपरवाइजर और सुरक्षा अधिकारी को सुरक्षा को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी के रूप में लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और श्रमिकों की सुरक्षा ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बस डिपो और वर्कशॉप में भारी मशीनों, वेल्डिंग उपकरणों और ईंधन प्रबंधन जैसे कार्यों के दौरान कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। थोड़ी सी भी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है।

यह भी पढ़ें… टीबी रोगियों की सहायता के लिए ‘प्रॉजेक्ट ओजस’ प्रारंभ
नागी रेड्डी ने बताया कि हर वर्ष 4 मार्च को राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस मनाया जाता है, लेकिन इस वर्ष इसे सप्ताह भर तक मनाते हुए जागरूकता फैलाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में सभी गैराज, जोनल वर्कशॉप और बॉडी बिल्डिंग यूनिट्स (बीबीयू) को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्य वातावरण न केवल कर्मचारियों के जीवन की रक्षा करता है, बल्कि संस्था की प्रतिष्ठा और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है। कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक (इंजीनियरिंग एवं एएम) सीएच. वेंकन्ना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



