प्रेस सेवा पोर्टल का उद्देश्य पंजीकरण में पारदर्शिता तथा सुगमता लाना : योगेश
हैदराबाद, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत प्रेस सूचना ब्यूरो हैदराबाद द्वारा सोमवार को सीजीओ टावर्स, कवाडीगुडा में प्रकाशकों से जुड़ी समस्याओं पर आधारित एक दिवसीय कार्यशाला वार्तालाप का आयोजन किया गया।
प्रेस रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया योगेश बावेजा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रेस सेवा पोर्टल के महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल पारदर्शिता, सुगमता तथा त्वरित अनुमोदन सुनिश्चित करने वाला एकल-खिड़की समाधान है।इस पहल का उद्देश्य पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ-साथ प्रकाशकों के लिए व्यवसाय को सुविधाजनक तथा बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल प्रकाशकों के लिए अधिक अनुकूल वातावरण तैयार करने वाला सिद्ध होगा।
पीआईबी हैदराबाद प्रकाशकों के लिए लांच करेगा हेल्पलाइन
पीआईबी हैदराबाद की अतिरिक्त महानिदेशक श्रुति पाटिल ने अवसर पर कहा कि यह वार्तालाप तेलंगाना में अपनी तरह का पहला इंटरैक्टिव सत्र था, जिसका उद्देश्य प्रकाशकों की जिज्ञासाओं तथा शंकाओं को स्पष्ट करते हुए नए पीआरपी अधिनियम पर मार्गदर्शन प्रदान करना था।उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि पीआईबी हैदराबाद शीघ्र ही पीआरजीआई के सहयोग से प्रकाशकों के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन लांच करेगा।
उप प्रेस रजिस्ट्रार आशुतोष मोहले ने कार्यशाला में नए पीआरपी अधिनियम पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए कहा कि मार्च 2024 से पूरी पंजीकरण प्रक्रिया डिजिटल तथा ऑनलाइन हो गई है। यदि 60 दिनों के भीतर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती है, तो आवेदन स्वीकृत माने जाएँगे। अवसर पर मोहले ने प्रकाशकों से एजेंटों से बचने और सीधे पीआरजीआई पोर्टल का उपयोग करने के महत्व पर विशेष रूप से बल दिया।
यह भी पढ़ें… वल्लभ यूथ ऑर्गनाइजेशन ने मनाया जन्माष्टमी महोत्सव
कार्यशाला में एनआईसी के सहायक निदेशक गौरव शर्मा ने प्रेस सेवा पोर्टल सजीव प्रदर्शन करते हुए इस कार्यप्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी। अवसर पर पीआईबी हैदराबाद के उपनिदेशक डॉ.मानस कृष्णकांत, मीडिया एवं संचार अधिकारी गायत्री, शिवचरण रेड्डी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों सहित तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के प्रकाशकों ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



