सबसे बड़ी जंग है रचनात्मकता की
आज सबसे बड़ी जंग रूस-यूक्रेन की या परमाणु बमों की नहीं है। न ही कोई चुनावी जंग से डरता है, न महंगाई या बेरोजगारी के प्रहारों से। सबसे भीषण युद्ध तो आज के दिन रचनात्मकता का है। यह लड़ाई सिर्फ कलम तक सीमित नहीं है, यह कला के हर मोर्चे पर लड़ी जा रही है। तो क्या क्रिएटिविटी खतरे में है क्योंकि आज चारों ओर एआई का जलवा है। जिसे देखो वह मेहनत कम और एआई का उपयोग अधिक कर रहा है।
हाथ में कलम पकड़ने वाले हमारे पुराने कवि और लेखक आज टेंशन में हैं। क्योंकि बाजार में एआई नाम का एक धाकड़ खिलाड़ी आ गया है। यह एक झटके में कविता लिख देता है, सेकंडों में कहानी गढ़ देता है और मिनटों में पूरा उपन्यास रचने की हिम्मत रखता है। अब वह संगीत की धुन बनाता है, गाने के बोल तैयार करता है। एक क्लिक पर यह शिल्पकारी के मॉडल बना देता है, चित्रकारी के लिए नये से नये विचार दे-देता है।
यह भी पढ़ें… क्या सरकारी दिशा-निर्देशों से एआई नियंत्रित हो जायेगी?
कहानियों और चित्रों में मशीन कभी दिल की थरथराहट नहीं दे सकती
फोटोग्राफी के लिए परफेक्ट कंपोजिशन बताता है और नृत्य की ताल, मुद्राएँ और कोरियोग्राफी भी एआई की भेंट चढ़ गई है। पर यह सच है कि एआई की धुन में ताल तो होगी पर दिल की धड़कन नहीं, चित्र में रंग तो होंगे पर आँसुओं की नमी नहीं। इसे दुःख-सुख, प्रेम-विरह, संघर्ष और हार-जीत के मतलब भी नहीं पता। यह सिर्फ इतना जानता है कि शब्दों और रंगों को कहाँ और कैसे चिपकाना है। इसका भावनाओं से कोई लेना-देना ही नहीं है।
यह हमारे दिल तक तो पहुँच जाता है, पर दिल से नहीं लिख पाता। एआई की कहानी में भूकंप का वर्णन होगा पर उस दर्द की थरथराहट नहीं होगी जो एक इंसान महसूस करता है। वह हमारी भूख और पसीने को अनुभव नहीं कर सकता। क्या एआई कभी हल्कू की ठंडी रातें, होरी की बेबसी और बूढ़ी काकी की उपेक्षा को महसूस कर पायेगा? कभी नहीं। आज मुंशी प्रेमचंद और महादेवी वर्मा जैसे महान साहित्यकार जीवित होते तो सोचते कि उनकी गोदान और यामा को लिखने वाली कलम को आज एक अदृश्य एआई चुनौती दे रहा है। यह वह दौर है जहाँ रचनात्मकता का सिंहासन डगमगा रहा है और हम सब यह जानने को उत्सुक हैं कि इस डिजिटल जादू के सामने, मानवीय कल्पना का भविष्य क्या होगा?
जो दर्द और कसक किसी रचना को अमर बनाती है, वह मशीन के कोड में नहीं बल्कि लेखक के हृदय में होती है। एआई के पास शब्द हैं, पर आत्मा नहीं। वह मानवीयता की छाप कभी नहीं दे सकता। इसलिये कलम का राजा तो हमेशा इंसान ही रहेगा! एक बर की बात है अक नत्थू ताहिं एआई टकर ग्या तो नत्थू बोल्या-घणां तीस मारखां बण रह्या तो बता पिजा की हरियाणवी के है? एआई तपाक दे सी बोल्या- सब्जी-पनीर आली रोट्टी।
-शमीम शर्मा
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



