न्यूयार्क-टोकियो से मुकाबला करेगा शहर : रेवंत रेड्डी

हैदराबाद, मुख्यमंत्री बनने के साथ ही ए. रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद को ब्रांड बनाने मुहिम चला रखी है। देश-विदेश कहीं भी मौका मिलने पर वह ब्रांड हैदराबाद का जिक्र करना नहीं भूलते हैं। बुधवार को रेवंत ने कहा कि सरकार ने 2035 तक हैदराबाद को दुनिया का सबसे लोकप्रिय शहर बनाने का लक्ष्य रखा है। साथ ही इस बात को सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि हैदराबाद न्यूयॉर्क और टोकियो जैसे शहरों का मुकाबला करे।

सरकार तेलंगाना राइजिंग 2047 के तहत राज्य के व्यापक विकास के लिए योजनाएँ तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को गच्ची बावली में एकीकृत उप-पंजीयक और जिला पंजीयक कार्यालय की आधारशिला रखी। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि तेलंगाना राइजिंग 2047 का एक उद्देश्य हैदराबाद शहर को टोक्यो और न्यूयॉर्क के साथ प्रतिस्पर्धा करने लायक बनाना है। हैदराबाद केवल बैंगलुरू और चेन्नई नहीं, बल्कि दुनिया के शीर्ष शहरों से प्रतिस्पर्धा करेगा।

हैदराबाद शहर का विकास और आधुनिकीकरण योजनाएँ

सीएम ने कहा कि कुछ राजनीतिक ताकतें हैदराबाद के विकास में बाधा डाल रही हैं। उन्होंने कहा, जो लोग शहर के विकास, मूसी पुनरुद्धार परियोजना और इंडिया फ्यूचर सिटी में बाधा डाल रहे हैं, वे हमारे दुश्मन हैं। ऐसी ही विकास विरोधी ताकतों ने हाईटेक सिटी के निर्माण में भी बाधाएँ डाली थीं। हम दुश्मनों को करारा सबक सिखाएँगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराना शहर हैदराबाद का मूल शहर है और सरकार मूसी पुनरुद्धार परियोजना पुराने शहर के गौरव को वापस लाएगी।

कुली कुतुब शाही और वर्तमान सरकारों के निरंतर प्रयासों के कारण हैदराबाद शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आईटी क्रांति के पीछे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का दिमाग़ था और कांग्रेस सरकार ने हैदराबाद में हाईटेक सिटी की नींव रखी थी। तत्कालीन मुख्यमंत्रियों की दूरदर्शिता के कारण कई वैश्विक आईटी कंपनियों ने हैदराबाद में अपने केन्द्र स्थापित किये।

गोदावरी नदी का पानी मूसी तक लाकर मूसी रिवर फ्रंट का विकास किया जाएगा और इसे 365 दिन प्रवाहित होने वाली नदी का रूप दिया जाएगा। हैदराबाद के विकास के साथ-साथ शहर का विस्तार, लोगों के लिए रोज़गार के अधिक अवसर और आजीविका पैदा करने के लिए समय की माँग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हैदराबाद में नए सरकारी कार्यालय 5 स्टार परिवेश और अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे जैसी उन्नत सुविधाओं से युक्त बनाए जाएँगे। उन्होंने कहा कि अगले साल तेलंगाना स्थापना दिवस तक 11 नए रजिस्ट्रार कार्यालय परिचालन के लिए तैयार हो जाएँगे।

यह भी पढ़ें… दोनों तेलुगु राज्यों के राजनीतिक दलों से सुदर्शन रेड्डी को वोट देने की अपील: रेवंत रेड्डी

एकीकृत रजिस्ट्रार कार्यालय से राजस्व और समाधान

भारी राजस्व उत्पन्न करने वाले ये एकीकृत रजिस्ट्रार कार्यालय सभी समस्याओं का स्थायी समाधान करेंगे। कार्यक्रम में राजस्व, आवास, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि राज्य के सभी उप-पंजीयक कार्यालयों को चरणबद्ध तरीके से एकीकृत पंजीकरण भवनों के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 18 राज्यों का अध्ययन करने के बाद भू-भारती 2025 अधिनियम तैयार किया गया है।

इस आदर्श भूमि अधिनियम के तहत किसानों और आम जनता की समस्याओं के समाधान हेतु आयोजित की गई बैठकों में 8.60 लाख आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 2 लाख आवेदनों का समाधान हो चुका है, जबकि लगभग 4 लाख सादे स्वामित्व के आवेदन लंबित हैं। यह भी कहा कि उच्च न्यायालय ने इन सादे स्वामित्व के आवेदनों पर लगी रोक हटा दी है, इसलिए वास्तविक और पात्र आवेदनों का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा।

पोंगुलेटी ने कहा कि वर्तमान में राज्य सरकार को जीएचएमसी और ओआरआर सीमा के अंतर्गत 39 उप-पंजीयक कार्यालयों से पंजीकरण के रूप में लगभग 62-63 प्रतिशत राजस्व प्राप्त हो रहा है। इन्हें 11 एकीकृत भवनों के दायरे में लाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आज जिस भवन का शिलान्यास किया है, वह अत्याधुनिक कॉर्पोरेट स्तर का होगा। लगभग तीन एकड़ में प्रस्तावित भवन परिसर में 300 कारों के लिए पार्किंग की सुविधा होगी। इसकी लागत 30 करोड़ रुपये है। संभावना है कि यहाँ से 2800 करोड़ रुपये का राजस्व प्रतिवर्ष प्राप्त होगा।

राहुल को प्रधानमंत्री बनाने तक चैन नहीं

मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने कहा कि राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बाद ही पूर्व पीएम राजीव गांधी की आकांक्षाएँ और सपने पूरे हो सकेंगे। देश को राहुल गांधी की सेवाओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और वे तब तक चैन से नहीं बैठेंगे, जब तक राहुल गांधी प्रधानमंत्री नहीं बन जाते। रेवंत रेड्डी ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर सचिवालय स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि देने के बाद रेवंत रेड्डी ने कहा कि राजीव गांधी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। पूर्व प्रधानमंत्री की आकांक्षाओं के अनुरूप कांग्रेस राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के तुरंत बाद 21 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को विधानसभा चुनाव लड़ने की अनुमति देने के लिए मौजूदा कानून में संशोधन करेगी। उन्होंने राजीव गांधी द्वारा गरीबों के उत्थान तथा देश में सूचना प्रौद्योगिकी और शासन में पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए किये गये प्रयासों को याद किया।

राजीव गांधी की प्रेरणा और तेलंगाना के सुधार प्रयास

सीएम ने किया कि हैदराबाद में हाईटेक सिटी की आधारशिला रखने के लिए राजीव गांधी ही प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने देश की अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और पारदर्शी प्रशासन प्रदान करने के लिए शासन के साथ प्रौद्योगिकी को भी एकीकृत किया। राजीव गांधी ने देश में कंप्यूटर का आगमन कराया। वे अपने शासनकाल में दूरसंचार क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए आरक्षण की व्यवस्था की।

सीएम ने कहा कि तेलंगाना सरकार ने शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक अवसरों में 42 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग कोटा प्रदान करने के लिए कानून बनाया है। इसके साथ ही तेलंगाना अनुसूचित जाति उप-वर्गीकरण को लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़, मुख्यमंत्री के सलाहकार वेम नरेंद्र रेड्डी, मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, पोन्नम प्रभाकर, सांसद अनिल कुमार यादव, पूर्व सांसद वीएच हनुमंत राव, अंजन कुमार यादव, विधान परिषद के मुख्य सचेतक पटनम महेंद्र रेड्डी एवं अन्य उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button