भाजपा के सत्ता से बाहर होने की उलटी गिनती शुरू हो गई है : केजरीवाल

नयी दिल्ली, दिल्ली की एक अदालत द्वारा आबकारी नीति मामले में आरोपमुक्त किए जाने के 48 घंटे बाद, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता से बाहर जाने की उलटी गिनती शुरू हो गई है।

यहां जंतर-मंतर पर पार्टी की एक रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने प्रधानमंत्री और शाह पर आबकारी नीति मामले में उन्हें फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अदालत ने अपने हालिया ‘ऐतिहासिक’ फैसले में साबित कर दिया है कि वह ‘कट्टर ईमानदार’ व्यक्ति हैं।

दिल्ली की एक अदालत ने दो दिन पहले ही कथित आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 21 अन्य को बड़ी राहत प्रदान की। कई राज्यों से आए पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री को हर किसी से डर लगता है। उन्होंने कहा कि जब एक तानाशाह डरता है, तो यह उसके शासन के अंत का संकेत होता है।

केजरीवाल ने कहा, ‘उन्होंने सोनम वांगचुक को जेल भेज दिया, जो एक बड़े वैज्ञानिक हैं और बच्चों की शिक्षा के लिए काम कर रहे थे। मोदी जी एक दिन संसद नहीं गए, उन्हें डर था कि महिला सांसद उनपर हमला कर सकती हैं। वह ट्रम्प से भी डरते हैं।’’केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा के 12 वर्षों के शासन में सभी क्षेत्रों का बुरा हाल हो गया है और सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब हो गई है

प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ दृष्टिकोण पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि लोग ‘रहने योग्य भारत’ चाहते हैं और उन्होंने मोदी द्वारा संबोधित ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्हें ‘नाटक’ बंद करना चाहिए और परीक्षाओं में पेपर लीक को रोकने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।’

केजरीवाल ने दिल्ली की भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी ने अपने एक साल के शासन में राष्ट्रीय राजधानी को बर्बाद कर दिया है, यहां की सड़कें टूटी हुई हैं, पानी की आपूर्ति दूषित है और वायु प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का देश से कोई मतलब नहीं है, वह केवल ‘साजिशों’ और मतदाता सूची में हेरफेर के जरिए सत्ता की ओर बढ़ रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘मोदी जी, आप सत्ता के लिए काम करते रहिए, और मैं देश के लिए काम करता रहूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं आईआईटी से अच्छे अंकों के साथ पास हुआ था और अमेरिका जा सकता था। लेकिन मैंने सोचा, अगर सभी लोग विदेश चले जाएंगे, तो देश का ध्यान कौन रखेगा? जब मैं आयकर आयुक्त के रूप में सेवा दे रहा था, तो लोग मेरी ईमानदारी की कसम खाते थे।’’

आप प्रमुख ने कहा कि 4 अप्रैल 2011 को लोग जंतर-मंतर पर जुटे थे और उन्होंने गर्जना की थी, जिसके बाद कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई थी। उन्होंने दावा किया कि ‘आप’ की यह रैली एक ऐतिहासिक दिन है और भाजपा के सत्ता से बाहर होने की उलटी गिनती शुरू हो गई है। जंतर-मंतर पर आयोजित इस सभा को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, मनीष सिसोदिया, आतिशी, संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button