श्री जैन सेवा संघ का भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव आज से
हैदराबाद, श्री जैन सेवा संघ के तत्वावधान में 2625वाँ भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 29 से 31 मार्च तक भव्यता से आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ रविवार 29 मार्च को श्री जैन सेवा संघ भवन में नवकार महामंत्र के जाप के साथ विधिवत रूप से किया जाएगा। इसके अंतर्गत कई प्रकार के मानव सेवा, जीव दया, अन्नदान, मेडिकल कैम्प आदि का आयोजन किया जाएगा। जन्म कल्याणक महोत्सव 31 मार्च को नुमाइश मैदान में भव्यता से आयोजित होगा।
आज यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मार्गदर्शक मंडल के चेयरमैन योगेश सिंघी, संघ के अध्यक्ष उमेश कुमार बागरेचा, महामंत्री विमल मुथा ने संयुक्त रूप से बताया कि श्री जैन सेवा संघ चारों संप्रदायों की एकमात्र सबसे पुरानी संस्था है, जो गत 64 वर्षों से त्याग, सेवा, संगठन के उद्देश्य को लेकर कार्य करती है। नगरत्रय में जैन समुदाय जीव दया, मानव सेवा के कई कार्यों के लिए प्रसिद्ध है।
जैन समाज का तीन दिवसीय महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव भव्य आयोजन
जैन समुदाय द्वारा डायलिसिस सेंटर, अस्पताल आदि से जन सेवा कर रहा है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष संघ द्वारा भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव भव्यता से मनाया जाता है जिसमें चारों संप्रदाय के लोग एकजुट होते हैं। इस वर्ष भी संघ द्वारा भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव ऐतिहासिक रूप से भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में जैन समाज के दानदाताओं एवं समाज के विभिन्न मंडलों का पूर्ण सहयोग रहेगा।

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रम 29 से 31 मार्च तक आयोजित होंगे। महोत्सव के अंतर्गत मानव सेवा कार्यक्रम में अन्नदान के कार्यक्रम तथा जीव दया के अंतर्गत कबूतरों एवं गायों की सेवा के अतिरिक्त अन्य कई सेवा के कार्य मंडलों द्वारा किये जाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार 29 मार्च को श्री जैन सेवा संघ भवन में नवकार महामंत्र के जाप से आरंभ होगा और विभिन्न मंडल अपने अपने स्तर पर संघ के तत्वावधान में विभिन्न सेवा के कार्यक्रम, मेडिकल कैम्प आदि का आयोजन करेंगे।
महावीर ने बताया कि मंगलवार 31 मार्च को भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के दिन सभी जैन एकता को प्रदर्शित करते हुए फीलखाना से भव्य झांकियों के साथ निकाली जाने वाली रैली में भाग लें। नुमाइश मैदान में पानी, जूस, फ्रूट, छांछ, लस्सी आदि के स्टॉल लगाये जाएंगे, जिसमें विभिन्न मंडल सेवा प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त मेडिकल कैम्प व अन्य सेवा शिविर भी होंगे। धर्मसभा में नगरत्रय में विराजित जैन साधु, साध्वी संबोधित करेंगे।
महा शोभायात्रा में 25,000 से अधिक श्रद्धालु करेंगे भागीदारी
अतिथि के तौर पर तेलंगाना अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन, विधायक तलसानी श्रीनिवास यादव सहित अन्य मंत्री एवं विधायक कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में नगरत्रय सहित अन्य स्थलों से 25,000 से अधिक लोग भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान शाम में दिल की बात महावीर के साथ भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेष कर युवाओं द्वारा विशेष कार्यक्रम होगा। इसमें सेवा के लिए विभिन्न लाभार्थियों ने सहयोग दिया है।
संघ उनका आभार प्रकट करता है। उन्होंने सभी से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने का आग्रह किया है। अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैलाश भंडारी ने बताया कि मंगलवार 31 मार्च को 2625वें भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव-2026 के अंतर्गत सुबह 8.30 बजे फीलखाना स्थित भगवान महावीर स्वामी मंदिर से भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी, जो उस्मानगंज, मोजमजाही मार्केट से होती हुई नुमाइश मैदान पहुँच कर धर्मसभा में परिवर्तित होगी।
यह भी पढ़े : लोक भवन में मनाया गया चैत्र नवरात्रि महाअष्टमी फलाहार समारोह
अवसर पर गुरु भगवंत के प्रवचन, मुख्य अतिथि एवं अतिथियों व सहयोगियों तथा लाभार्थियों का सम्मान होगा। उन्होंने सभी मंडलों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने का आग्रह किया। अवसर पर महोत्सव के प्रधान संयोजक दिलीप भंडारी, सुनील कावड़िया, दिलीप सेठिया सहित अशोक मुथा, मनोज तातेड़ ने मंडलों का आभार व्यक्त किया तथा सभी कार्यक्रमों में भाग लेने का आग्रह किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



