केंद्र सरकार का अगला कदम यूसीसी : रामचंदर राव

हैदराबाद, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का अगला कदम समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना है।

रामचंदर राव ने जल्द होने वाले ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) चुनाव के अंतर्गत आज कोंडापुर के शिल्पा पार्क अपार्टमेंट के सीनियर सिटिजन्स फोरम को संबोधित करते हुए बताया कि तीन तलाक रद्द करने जैसे ऐतिहासिक कदम उठाने के बाद अब केंद्र सरकार का अगला कदम यूसीसी होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 से उत्तराखंड में अमल किए जा रहे यूसीसी को गोवा में भी लागू किया गया। उन्होंने शाहबानो केस की याद दिलाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर केंद्र सरकार ने यूसीसी पर गाइडलाइन्स तय की हैं।

इससे हर धर्म को लाभ होगा। कुछ धर्मों में महिलाओ व बच्चों को अधिकार नहीं हैं, यूसीसी आने के बाद इन्हें भी अधिकार मिलेंगे, बल्कि महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने आगामी 16, 17 व 18 अप्रैल को महिला आरक्षण बिल नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर लोकसभा का विशेष सत्र बुलाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी 2029 के चुनाव में महिला आरक्षण पर अमल होगा।

निर्वाचन क्षेत्रों के डिलिमिटेशन को लेकर रामचंदर राव ने कहा कि कांग्रेस विभाजनकारी राजनीति के चलते ही इससे उत्तर को लाभ और दक्षिण नुकसान होने की गलत जानकारी देकर गुमराह कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्वाचन क्षेत्रों के डिलिमिटेशन से दक्षिण को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस. जयशंकर व केंद्रीय कोयला व खान मंत्री जी. किशन रेड्डी का नाम लेते हुए कहा कि यह सब केंद्रीय मंत्री दक्षिण से ही संबंध रखते हैं, वह दक्षिण को कैसे नुकसान होने देंगे।

मृत व स्थानांतरित लोगों के नाम सूची से हटेंगे

रामचंदर राव ने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से किसी को चिंतित होने का आवश्यकता नहीं है। यह मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया है। वर्ष 2002 के बाद से जिनकी मौत हो चुकी है, जो दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके हैं या जिनका ट्रांसफर हो गया है, ऐसे लोगों के नाम हटाए जाएँगे और जो नए मतदाता हैं, उनके नाम जोड़े जाएँगे।

रामचंदर राव ने कहा कि वर्तमान समय तक जो मतदाता नहीं बने हैं, वह एसआईआर में भाग लें और अपनी जानकारी दें, वरना अगले 20 सालों तक फिर मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने पुराने शहर के बालापुर में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या मुसलमानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके पास फर्जी आधार कार्ड, फर्जी वोटर कार्ड हैं। यह प्लम्बर, इलेक्ट्रिशियन आदि कार्य करते हुए जनता में घुल मिल गए हैं।

एसआईआर के माध्यम से पहचान कर इन्हें डिटेन, डिलीट एंड डिपोर्ट किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नगर के पुराने शहर के एक घर में सौओं वोटर दर्ज होने की खबरें भी हैं। एसआईआस के जरिए यह भी डिलीट हो जाएँगे। उन्होंने बताया कि देश में अब तक एसआईआर के जरिए 57 करोड वोटर डिलीट हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार कोई नया एसआईआर नहीं ला रही, इससे पहले भी वर्ष 1956, 1965, 1970, 1080, 1990 व 2002 में इसे लागू किया गया।

यह भी पढ़ें… तेलंगाना में सरकारी कार्यालयों में अनियमितताओं का खुलासा

भारत तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर

रामचंदर राव ने कहा कि जहाँ विश्व में हर देश युद्ध का सामना कर रहा है, वहीं दूसरी ओर भारत में शांति है, क्योंकि देश संघर्षों से अछूता है और विश्व की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति से तीसरी बनने की ओर अग्रसर है। युद्ध के चलते जहाँ सभी देशों में पेट्रोल, डीजल व गैस की दरें बढ़ाई गयीं, वहीं भारत में आम आदमी पर बोझ न डालते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने पेट्रोल व डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटा दी।

रामचंदर राव ने कहा कि वाणिज्यिक गैस की दरें कुछ बढ़ाई गई हैं, लेकिन आम आदमी पर बोझ नहीं डाला गया। उन्होंने कहा कि युद्ध के वातावरण में पेट्रोल, डीजल व गैस को लेकर जहाँ विश्व के कई देश संकटों से जूझ रहे हैं, वहीं भारत में आम जनता को बिना किसी संकट के ईंधन व गैस वितरण सुचारू रूप से किया जा रहा है। रामचंदर राव ने कहा कि वर्ष 2029 में होने वाले चुनाव के बाद भाजपा को तेलंगाना की सत्ता में अवश्य देखेंगे। 11 सालों में मोदी सरकार ने तेलंगाना के विकास पर 12 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

रामचंदर राव ने बताया कि वर्ष 2014 में जब मोदी सरकार ने सत्ता संभाली थी, तब तक कांग्रेस ने 50 सालों में देश में केवल 75 एयरपोर्ट निर्मित किए थे, परंतु मोदी शासन के 11 वर्षों में ही इनकी संख्या 150 हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 तक तेलंगाना में 2,400 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग थे और अब 2700 किमी हो चुके हैं। उन्होंने सभी से जीएचएमसी चुनाव में भाजपा को अवसर देने का आग्रह किया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button