गंजेटियों से डरती है गरीबों को डराने वाली पुलिस : विधायक माजिद हुसैन
हैदराबाद, नामपल्ली से मजलिस पार्टी के विधायक माजिद हुसैन ने निर्वाचन क्षेत्र के कुछ इलाकों में खुले आम गांजा, चरस की बिक्री किए जाने तथा पुलिस को पता होने के बावजूद कोई कदम नहीं उठाने को लेकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गरीबों को डराने वाली पुलिस गंजेटियों पर हाथ डालने से डरती है।
विधानसभा में शून्यकाल के दौरान मजलिस विधायक माजिद हुसैन ने कहा कि मल्लेपल्ली, आसिफनगर, फस्टलांसर आदि क्षेत्रों में खुले आम गांजा, ड्रग्स व व्हाइटनर का नशा करने वाले समाज के लिए खतरा बने हुए हैं। हाल में हबीब नगर पुलिस थाना परिधि में 12 वर्ष आयु वर्ग की बालिका को नशेड़ियों ने आवारा कुत्तों की भांति घेर लिया, जिसे खुद उन्होंने (विधायक ने) बचाया। उन्होंने कहा कि यह काम विधायक का नहीं, पुलिस का है।
यह भी पढ़ें… फार्म हाउस ड्रग्स पार्टी की गहराई से जाँच पड़ताल
पुलिस कर्तव्य पालन करने से पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गांजा, चरस, ड्रग्स खुले आम बिकता है। कौन बेच रहा है, कौन खरीद रहा है, इसकी जानकारी पुलिस को भी है। उन्होंने कहा कि कहाँ गांजा, चरस व ड्रग्स बेचा जाता है, इसकी जानकारी पुलिस को खुद उन्होंने (विधायक ने) दी है, फिर भी वह हाथ डालने डर रही है। उन्होंने कहा कि केवल बड़े-बड़े पबों, क्लबों, फार्महाउजों पर रेड मारकर अमीरों, फिल्म से जुड़े लोगों, राजनीतिज्ञों की धरपकड़ पुलिस करती है, लेकिन नामपल्ली में गंजेटियों पर हाथ डालने से डर रही है। माजिद हुसैन ने पहली बार विधायक के तौर पर चुने जाने का हवाला देते हुए कहा कि वह सभपति से उम्मीद करते हैं कि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कड़े निर्देश देंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





