विकसित भारत का संकल्प नारी के बिना अधूरा : बांसुरी स्वराज
हैदराबाद, दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने महिलाओं के चुनावी राजनीति में आने को अनिवार्य बताते हुए कहा कि विकसित भारत का संकल्प नारी के बिना अधूरा है, बल्कि असंभव है। इसलिए महिलाएं स्वयं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर विकसित भारत के संकल्प से जुड़ें और वर्ष 2047 से पहले ही इस सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ।



भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शिल्पा रेड्डी की अध्यक्षता में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिनोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित सांसद बांसुरी स्वराज ने आगे कहा कि विकसित भारत की नींव मातृशक्ति है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत की भाग्यविधाता, शिल्पकार महिलाओं को बनना होगा, क्योंकि विकसित भारत का संकल्प नारी के बिना अधूरा है। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को केवल औपचारिक न बनाते हुए हर महिलाओं को फाइनांशियल लिट्रेसी के प्रति जागरूक होकर पैसे का प्रबंधन करना सीखने के साथ-साथ अपने आप में सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक क्रांति लानी होगी।
बांसुरी स्वराज ने महिलाओं से राजनीति में रुचि लेने के साथ ही वर्तमान समसामायिक विषयों (करंट अफेयर्स) व डिजिटल लिट्रेसी पर ध्यान देने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का उत्थान तभी होगा, जब उनकी भागीदारी नीति निर्माण में होगी। देश उनकी प्रतीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह देश महिलाओं का है इसलिए इसे आगे ले जाने की जिम्मेदारी भी महिलाओं के कंधों पर है।
यह भी पढ़ें… विकास के लिए स्पष्ट नीतियाँ और राजनीतिक स्थिरता ज़रूरी : किशन रेड्डी
छात्राओं को कौशल विकास और डिजिटल ज्ञान पर ध्यान देने की सलाह
बांसुरी स्वराज ने स्कूल व कॉलेज की छात्राओं से कहा कि केवल पास होना या डिग्री लेना काफी नहीं है। बाहर निकलें और कौशल विकास पर ध्यान दें। उन्होंने महिलाओं से कहा कि सीखने की कोई आयु नहीं होती है। पूरे विश्व का ज्ञान एक स्मार्ट फोन के रूप में महिलाओं के हाथ में है। इसका केवल रील्स देखकर दुरुपयोग करने के बजाए कौशल विकास के लिए सदुपयोग करें। तेलंगाना चिन्नम्मा पूर्व सांसद दिवंगत सुषमा स्वराज की पुत्री सांसद बांसुरी स्वराज ने बिल्कुल माँ की तरह उनकी अपनी शैली में दिए प्रेरक भाषण से सभी को अपनी ओर आकर्षित किया।
बांसुरी स्वराज ने लोकसभा में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम – 2023 की ओर इशारा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के नेतृत्व में राष्ट्र का सशक्तिकरण करने की बात करते हैं और विकसित भारत केवल एक नारा नहीं है बल्कि एक मंत्र है, जिसे प्रधानमंत्री ने भूतल पर चरितार्थ करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल के करीब है, इसलिए मन की बात में हमेशा तेलंगाना की उपलब्धियों व कौशल का उल्लेख करते रहते हैं।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि संगारेड्डी की वे स्काई वारियर्स ड्रोन पॉयलेट महिलाएँ, जिन्होंने ड्रोन चलाकर अपनी 50 एकड़ भूमि पर बिना कोई खतरे के कीटनाशक छिड़का, उसका जिक्र पीएम ने मन की बात में किया। उन्होंने महिला मोर्चा की अध्यक्ष को फूल नहीं फायर है, कहकर संबोधित किया। साथ ही चारमीनार स्थित ऐतिहासिक श्री भाग्यलक्ष्मी मंदिर के दर्शन करने का उल्लेख भी किया। इसके अलावा कई विषयों पर बांसुरी स्वराज ने आकर्षक ढंग से प्रकाश डाला और महिलाओं को देश निर्माण में भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



