पत्रकारों के हितों की रक्षा का जिम्मा सरकार पर : संजय उपाध्याय
हैदराबाद, वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया (डब्ल्यूजेआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय उपाध्याय ने लोकतंत्र के संरक्षण में पत्रकारों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि पत्रकारों को जनता और सरकार के बीच पुल के रूप में भूमिका निभानी चाहिए, ताकि जनता की समस्याएँ हल हो सकें।
तेलंगाना दौरे पर आए संजय उपाध्याय ने सोमाजीगुड़ा स्थित हैदराबाद प्रेस क्लब में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पत्रकारों को निष्पक्ष होने तथा देशहित में काम करने पर जोर देते हुए कहा कि यदि पत्रकार निष्पक्ष होंगे, तभी समाज में उनका सम्मान बढ़ेगा। दूसरी ओर सरकार की भी जिम्मेदारी है कि समाज निर्माण में सहयोग देने वाले श्रमजीवी पत्रकारों के हितों को ध्यान में रखकर उनकी समस्याओं को दूर करे। उन्होंने कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए डेढ़ साल होने के बावजूद योग्य पत्रकारों को एक्रिडेशन कार्ड उपलब्ध नहीं कराए जाने तथा नियमावली तक तय नहीं किए जाने को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तुरंत एक्रिडेशन कमेटी का गठन कर योग्य पत्रकारों को कार्ड उपलब्ध कराने हेतु नीति को सरल बनाए और नियम व दिशा-निर्देश तय कर तुरंत कार्ड उपलब्ध कराएँ।
यह भी पढ़ें… मेट्रो रेल के दूसरे चरण के कार्यों पर रोक
पत्रकारों की सुविधाओं हेतु सरकार से बड़ी माँगें
संजय उपाध्याय ने विधायकों, मंत्रियों व राजपत्रित अधिकारियों को दी जा रही सुविधाएँ श्रमजीवी पत्रकारों को भी उपलब्ध कराने की माँग की। उन्होंने कर्तव्यपालन के दौरान पत्रकारों को होने वाली समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए योग्य पत्रकारों को सरकार की ओर से निजी कार्पोरेट अस्पतालों में निशुल्क चिकित्सा सुविधा हेतु कैशलेस ट्रीटमेंट कार्ड उपलब्ध कराने, बीमा सुविधा देने आदि माँगों को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से भेंट कर ज्ञापन सौंपने की जानकारी दी।
संजय उपाध्याय ने कहा कि श्रमजीवी पत्रकारों को रेल यात्रा व विमान यात्रा टिकट पर रियायत देने, पत्रकारों के लिए टोल चार्ज पूरी तरह से रद्द करने जैसी अन्य माँगों को लेकर राजधानी दिल्ली में सितंबर माह में रैली का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट कर ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों के लिए कार्यरत डब्ल्यूजेआई देश के 16 राज्यों में कार्य कर रही है। देश के हर राज्य में सदस्य भी हैं। जल्द ही नेपाल में भी इसका विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रिंट मीडिया से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तक पत्रकारिता का विस्तार हुआ है। इसलिए पुराने कानूनों में संशोधन की आवश्यकता है।
अवसर पर डब्ल्यूजेआई प्रदेश अध्यक्ष राणाप्रताप, महासचिव रविकंटी श्रीनिवास, उपाध्यक्ष अनिल देसाई, सिद्दिरेड्डी श्रीनिवास रेड्डी, सचिव क्रांति, हैदराबाद सचिव बालकृष्णा व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



