तेलंगाना सरकार ने 2026-27 के लिए 3.24 लाख करोड़ का बजट किया पेश
हैदराबाद, तेलंगाना सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 3.24 लाख करोड़ रुपये का बजट शुक्रवार को पेश किया। यह, गत वित्त वर्ष 2025-26 की तुलना में करीब 20,000 करोड़ रुपये अधिक है। इसमें मूसी नदी तट के सौंदर्यीकरण और हैदराबाद मेट्रो रेल के दूसरे व तीसरे चरण जैसे प्रमुख कार्यक्रमों के साथ-साथ चुनावी वादों को पूरा करने पर जोर दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि राजस्व व्यय 2,34,406 करोड़ रुपये और पूंजीगत व्यय 47,267 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।सरकार ने कृषि क्षेत्र के लिए 23,179 करोड़ रुपये और ऊर्जा क्षेत्र के लिए 21,285 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
हम तालियों के लिए झूठ नहीं बोलते
मंत्री ने नगर प्रशासन एवं शहरी विकास विभाग के लिए 17,907 करोड़ रुपये और चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य विभाग के लिए 13,679 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा, ‘‘ यह बजट तेलंगाना के लोगों की आशाओं एवं आकांक्षाओं को पूरा करने का संकल्प पत्र है। हमने इसे राज्य के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार किया है। हम संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप और पारदर्शिता के साथ शासन कर रहे हैं। हम तालियों के लिए झूठ नहीं बोलते। यह सरकार तथ्यों की नींव पर काम करती है।’’
वित्त वर्ष 2025-26 में मौजूदा कीमतों पर तेलंगाना का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 17,82,198 करोड़ रुपये रहा, जो गत वित्त वर्ष की तुलना में 10.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। मंत्री ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में मौजूदा कीमतों पर राज्य की प्रति व्यक्ति आय 4,18,931 रुपये रही, जिसमें 10.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। (भाषा )
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





