सप्ताह भर चल सकता है विधानसभा का शीतकालीन सत्र
हैदराबाद, तेलंगाना विधानसभा का आज शुरू हुआ शीतकालीन सत्र कितने दिन तक चलेगा, यह निश्चित नहीं है। हालाँकि संभावना है कि सत्र सप्ताह भर चल सकता है। विधानसभा प्रशासन इस बात का निर्णय अगले शनिवार को लेगा। सूत्रों के अनुसार, असेंबली बिज़नेस एडवाइज़री कमेटी (बीएसी) की बैठक आज विस अध्यक्ष के चैंबर में हुई।
बैठक में बीआरएस एवं भाजपा के प्रतिनिधियों ने विधासभा का शीतकालीन सत्र कम से कम बीस दिन से महीने भर तक चलाने का अनुरोध किया। बीआरएस ने सत्र के दौरान सिंचाई परियोजनाओं और पूर्व सरकार के दौरान किये गये कार्यों पर पीपीटी माध्यम से अपनी बात रखने का अनुरोध भी किया गया, लेकिन विधानसभा प्रशासन ने उसे स्वीकार नहीं किया।
मजलिस के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने वर्तमान सरकार को सुझाव दिया कि वह पूर्व सरकार की गलतियों को न दोहराए, बल्कि पर्याप्त समय देते हुए विधानसभा का सत्र अधिक दिनों तक चलाए। बैठक में किसी प्रकार का निर्णय नहीं लिया जा सका।
सूत्रों के अनुसार, बीएसी की बैठक अगले शनिवार को हो सकती है, जिसमें सत्र के संचालन की अवधि पर उचित निर्णय लिया जा सकता है। विधानसभा अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का, विधाई मामलों के मंत्री डी.श्रीधर बाबू, मंत्री पोन्नम प्रभाकर, व्हिप बिरला इलैया, बीआरएस विधायक टी. हरीश राव, भाजपा विधायक महेश्वर रेड्डी, मजलिस विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी, भाकपा विधायक कुनामनेनी संबाशिव राव ने भाग लिया। विधान परिषद के सचिव वी. नरसिम्हा चार्युलु तथा विधानसभा सचिव आर. तिरुपति भी बैठक में उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



