उप्र : बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा, तीन लोगों की मौत, पांच घायल
बाराबंकी, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रविवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक लोनी कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम नेरा कबूलपुर के पास आज दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बोलेरो गाड़ी का पिछला टायर फटने से भीषण हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हो गई।
इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उपचार किया जा रहा है।पुलिस ने बताया कि बोलेरो में सवार सभी लोग अयोध्या के इनायत नगर सुक्खापुर निवासी थे और लखनऊ के मोहनलाल गंज में आयोजित सत्संग से वापस लौट रहे थे।
घायलों को लखनऊ के सीएचसी गोसाईगंज पहुंचाया गया जिसमें तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।लोनीकटरा थाने के प्रभारी अभय मौर्य ने बताया कि इस हादसे में तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है जबकि अन्य लोगों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



