तेलंगाना में तीन दर्दनाक घटनाएं,मां-बेटी की मौत से लेकर हत्या की सनसनी तक
हैदराबाद, तेलंगाना में नववर्ष की शुरुआत तीन हृदयविदारक घटनाओं के साथ हुई, जिन्होंने अलग-अलग जिलों में शोक और सनसनी का माहौल पैदा कर दिया। नागरकर्नूल, पेद्दापल्ली और सिद्दीपेट जिलों से सामने आई इन घटनाओं में पारिवारिक त्रासदी, बीमारी और जघन्य हत्या ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
मां ने दो बच्चों को जहर मिला खाना खिलाया, खुद भी खाया
नागरकर्नूल जिले के कल्वाकुर्ती कस्बे के तिलक नगर में एक मां ने मानसिक तनाव के चलते अपने दो मासूम बच्चों को कीटनाशक मिला भोजन खिलाया और खुद भी वही खा लिया। इस दर्दनाक घटना में प्रसन्ना उर्फ लावण्या (40) और उसकी बेटी मेघना (13) की मौत हो गई, जबकि बेटा आश्रित की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, नववर्ष की पूर्व संध्या पर परिवार ने केक काटकर नया साल मनाया था, जिसके बाद यह घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, 40 दिन पहले पति की मौत के सदमे से लावण्या उबर नहीं पाई थी। कल्वाकुर्ती पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आधे घंटे के भीतर पिता–पुत्र की मौत, गांव में शोक की लहर
वहीं पेद्दापल्ली जिले के रामगिरी मंडल के नागेपल्ली गांव में आधे घंटे के भीतर पिता और पुत्र की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लकवे से पीड़ित एरिकाला राजेशम (60) का गुरुवार को निधन हो गया। पिता की मौत की खबर मिलते ही गोदावरीखानी सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे उनके बेटे एरिकाला श्रीकांत (37) की भी गंभीर बीमारी के चलते लगभग आधे घंटे बाद मौत हो गई। एक साथ पिता-पुत्र को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इलाज के नाम पर घर से निकली महिला की हत्या
इसी तरह सिद्दीपेट जिले के वर्गल मंडल के नाचारम इलाके में एक महिला की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। तूफरान मंडल के इस्लामपुर गांव निवासी मंतूर कल्पना (26) इलाज के बहाने 30 दिसंबर को घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। 31 दिसंबर की रात अज्ञात आरोपियों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव गांव के बाहरी इलाके में फेंक दिया। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआई महेंद्र रेड्डी के अनुसार, आरोपियों की तलाश जारी है।
इन तीनों घटनाओं ने राज्य में कानून-व्यवस्था, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है, जबकि प्रभावित इलाकों में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



