आईपीएल मैचों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

हैदराबाद, राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय किक्रेट मैदान, उप्पल में आईपीएल के वर्तमान सत्र के मैचों के लिए कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था तैनात की जा रही है। इस मैदान में सन राईजर्स हैदराबाद के हर मैच के लिए मैदान के भीतर और बाहर दो हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और 430 सीसीटीवी कैमरों के जरिए मैदान के भीतर और बाहर चप्पे-चप्पे पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के संचालन के लिए मैदान में संयुक्त कमांड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जा रहा है।

यहां उप्पल स्टेडियम में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप्पल पुलिस उपायुक्त सुरेश और यातायात पुलिस उपायुक्त श्रीनिवासुलू ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 39,000 दर्शकों की क्षमता वाले क्रिकेट मैदान में एसआरएच विभिन्न टीमों से सात टी-20 मैच खेलेगी और यह मैच दिन के अलावा रात दिन के भी रहेंगे। प्रत्येक मैच के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैनात की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था के तहत 750 कानून व्यवस्था से जुड़े पुलिसकर्मी तथा 300 यातायात पुलिसकर्मी रहेंगे।

इसके अलावा सिटी सुरक्षा विंग, टीएसएसपी व सशस्त्र पुलिस बल के 10 प्लाटून, माउंटेड पुलिस के 20 दल, वज्रा के 10 पुलिसकर्मी, स्पेशल ब्रांच के 120 पुलिसकर्मी, बम खोजी दस्ते के 240 पुलिसकर्मी, एसओटी के 25 पुलिसकर्मी, सीआई सेल के 10 पुलिसकर्मी और इंटेलिजेंस विभाग के 50 पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। इसके साथ ही 4 फायर इंजन और 4 एम्बुलेंस भी तैनात रहेंगे।

यह भी पढ़ें… आरडीओ ही एजेंसी मंडल अधिकारी : तेलंगाना हाईकोर्ट

मैच से पहले मैदान और पार्किंग की बम खोजी कराई जाएगी

उपायुक्त ने कहा कि मैच प्रारम्भ होने से पूर्व मैदान और पार्किंग एरिया की बम खोजी दस्ते से छानबीन करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि गेट नंबर एक से केवल खिलाड़ियों को ही प्रवेश दिया जाएगा और दर्शकों को उनके टिकट पर दिये गये दिशा निर्देश के अनुसार गेट से मैदान के भीतर प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दर्शकों को मैदान के भीतर लैपटॉप, बैनर, पानी की बोतल, कैमरा, सिगरेट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मैच बॉक्स, दूरबीन, पेन, बैटरी, हेलमेट, परफ्यूम, बैग, की चेन, ज्वलनशील पदार्थ, पालतू जानवर, लेसर पाइंटर, हैंड बैग, ईयर पैड और खाद्य पदार्थ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सेल फोन की जांच के लिए हर गेट के पास तकनीकी टीम तैनात रहेगी।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि दर्शकों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। टिकट के आधार पर दर्शक अपने वाहन संबंधित पार्किंग स्थल पर पार्क कर सकते हैं। मैच के प्रारम्भ होने से पहले और मैच समाप्त होने के बाद तक मैदान के आसपास की सड़कों पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। इन वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवतियों व महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सादी वर्दी में शी टीम के पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

मैदान में दर्शकों के लिए नि:शुल्क पेयजल आपूर्ति रहेगी और मैदान के भीतर खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि वे निर्धारित कीमत से अधिक दर पर खाद्य पदार्थ न बेच सकें। उन्होंने कहा कि 13 अप्रैल से डिजिटल टिकट व्यवस्था को अमल में लाया जाएगा। मैच से दो घंटे पूर्व दर्शकों को मैदान में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने यातायात जाम की समस्या से बचने के लिए मैच देखने के लिए आने वाले दर्शकों से सार्वजनिक परिवहन जैसे आरटीसी व मेट्रो रेल का उपयोग करने की सलाह दी।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button