ट्रैफिक और आरटीए की कार्रवाई : निजी बसें जब्त, जुर्माने लगाए
हैदराबाद, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़क परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से शहर भर में निजी ट्रेवल्स बसों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। औचक कार्रवाई में कई लंबी दूरी की बसों की जांच की गई, जिसमें भारी संख्या में नियम उल्लंघन सामने आए। अधिकारियों ने बताया कि एलबी नगर और रामोजी फिल्म सिटी रूट पर चार विशेष प्रवर्तन टीमें तैनात की गईं, जिनमें दो निजी बसों को गंभीर सुरक्षा लापरवाही के चलते जब्त किया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि कुछ बसों में स्लीपर बर्थों में आपातकालीन निकास दरवाजों को अवरुद्ध कर रखा था, वहीं फायर एक्सटिंग्विशर की वैधता समाप्त हो चुकी थी। अधिकांश बसों में खिड़कियों के पास आपातकालीन हैमर तक नहीं थे, जिससे आग लगने या दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। अधिकारियों ने बताया कि एसएल ट्रैवल्स की एक बस बिना वैध रोड टैक्स और परमिट के संचालित होती मिली। हैदराबाद–बेल्लारी मार्ग पर चल रही दूसरी बस में आपातकालीन उपकरण उपलब्ध नहीं पाए गए।
कुकटपल्ली क्षेत्र में भी आरटीए अधिकारियों ने यात्रा बसों, टैक्सियों, ऑटो और मालवाहक वाहनों की जांच की। कई ड्राइवरों पर बिना वैध लाइसेंस, फिटनेस सर्टिफिकेट और टैक्स बकाया रखने के मामले दर्ज किए गए।इसके अलावा, बेंगलुरु–हैदराबाद मार्ग पर चलने वाली लग्जरी बसों को भी निशाने पर लिया गया। करीब 15 वाहनों पर जुर्माना लगाया गया जिनमें आपातकालीन निकास में छेड़छाड़, बीमा नवीनीकरण की कमी और यात्रियों की अधिक लोडिंग जैसी गड़बड़ियां पाई गईं। शमशाबाद के गगन पहाड़ इलाके में बेंगलुरु से आने वाली पांच निजी बसें जब्त की गईं। ये बसें श्रीवरी ट्रैवल्स, ऑरेंज ट्रैवल्स, सलीम ट्रैवल्स, शिवा ट्रैवल्स और डेल्टा ट्रैवल्स की थी।
स्लीपर बसों की सुरक्षा और फिटनेस जांच पर आरटीए की विशेष कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश बसें समाप्त परमिट पर चल रही थीं और बसों में यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित आवश्यक उपकरणों का भी अभाव था।इसी बीच, बेंगलुरु से हैदराबाद आ रही एक निजी बस कर्नूल के पास एक ट्रक से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक ने उसी हालत में बस को लेकर हैदराबाद तक पहुंचाया।
यह भी पढ़े: सेलफोन ड्राइविंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई
आरटीए टीमों ने बस को आराम घर क्रॉस रोड्स पर रोक लिया और जब्त कर बंडलागुडा आरटीओ कार्यालय भेजा गया, जहां बस की मेकैनिकल जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की संयुक्त जांच आगामी हफ्तों में भी जारी रहेगी, खासकर स्लीपर कोच बसों, फिटनेस सर्टिफिकेट और आपातकालीन सुरक्षा तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



