गच्चीबावली में फ्लाईओवर कार्य के चलते ट्रैफिक डायवर्जन
हैदराबाद, साइबराबाद की ट्रैफिक पुलिस ने त्रिपल आईटी जंक्शन पर चल रहे मल्टीलेवल फ्लाईओवर और अंडरपास निर्माण कार्य को देखते हुए 8 अप्रैल से लगभग एक वर्ष यातायात व्यवस्था में फेरबदल किया। साइबराबाद पुलिस आयुक्त डॉ. एम. रमेश द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि निर्माण कार्य के चलते त्रिपल आईटी जंक्शन और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में यातायात को सुचारू रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू किए गए हैं।

यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगी।इस दौरान, गच्चीबावली से लिंगमपल्ली जाने वाले वाहन चालकों को विप्रो जंक्शन, गौलीडोड्डी, गोपनपल्ली, नल्लागंड्ला की ओर डायवर्ट किया जाएगा। उसी तरह, गोपनपल्ली, क्यू-सिटी, कोकापेट और विप्रो जंक्शन से आने वाले वाहनों को नानकरामगुड़ा रोटरी-2 से बाएं मुड़कर आउटर रिंग रोड के जरिए गच्चीबावली की ओर भेजा जाएगा।
एक साल तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
इसके अलावा, लिंगमपल्ली, एचसीयू, मजीदबंडा और डीएलएफ क्षेत्र से आने वाले ट्रैफिक को एसएमआर/एचसीयू बस डिपो जंक्शन से डायवर्ट कर श्रीरामनगर, बॉटनिकल जंक्शन, उडुपी होटल, जेडपीएचएस गच्चीबावली होते हुए आगे भेजा जाएगा।बताया गया कि फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते लंबे समय तक ट्रैफिक दबाव बना रहेगा,
इसलिए आईटी कर्मचारियों सहित नियमित यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील भी की गई। वहीं, आम जनता से ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की विनती की गई। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से कहा कि वे वैकल्पिक मार्गों पर ध्यान दें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



