नेहरू चिड़ियाघर में पशु प्रबंधन पर किया गया प्रशिक्षण कार्यक्रम
हैदराबाद, नगर के बहादुरपुरा स्थित नेहरू चिड़ियाघर में चिड़ियाघर प्रबंधन और देखभाल पर पशुपालकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तेलंगाना के चिड़ियाघर उद्यान निदेशक डॉ. सुनील एस. हिरेमठ तथा नेहरू प्राणी उद्यान हैदराबाद की क्यूरेटर जे. वसंता ने बायोस्कोप हॉल में दीप प्रज्वलित करके प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में नेहरू प्राणी उद्यान हैदराबाद सहित तेलंगाना के अन्य उद्यानों के 31 पशुपालकों ने भाग लिया।
अवसर पर डॉ. सुनील एस. हिरेमथ ने कहा कि यह प्रशिक्षण सभी पशुपालकों को वन्यजीव प्रबंधन और विशेष रूप से अपने-अपने उद्यानों में वन्य जीव-जंतुओं की देखभाल में अपनी भूमिका को बेहतर बनाने में मदद करेगा। जे. वसंता ने कहा कि चिड़ियाघर प्रबंधन के साथ-साथ जंगली क्षेत्रों में पशुपालकों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के एक हिस्से के रूप में प्रतिभागियों को नेहरू प्राणी उद्यान का दौरा कराया गया। साथ ही गेंडे और रॉयल बंगाल टाइगर के बाड़ों में परिचर्चा सत्र भी आयोजित किया गया।
यह भी पढ़ें… आयुर्वेद आहार महोत्सव व प्रदर्शनी आयोजित
अवसर पर वरिष्ठ जीव विज्ञानी डॉ. बी. लक्ष्मीनारायण, उप निदेशक (पशु चिकित्सा) डॉ. एम.ए. हकीम, सहायक निदेशक (पशु चिकित्सक) पी. श्रीनिवास रेड्डी, ए. शंकरन व अन्य विषय विशेषज्ञों ने पशु व्यवहार, पशु आहार, पशु रोग और निवारक उपाय, पशु बचाव अभियान तथा चिड़ियाघर प्रबंधन में पशुपालकों की भूमिका सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



