परिवहन विभाग ने की 7 हज़ार करोड़ रुपये की कमाई
हैदराबाद, तेलंगाना परिवहन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 7,097.38 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। हालाँकि विभाग निर्धारित राजस्व लक्ष्य तक पहुँच नहीं पाया है, लेकिन पिछले वर्ष की तुलना में 2.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, परिवहन विभाग ने अपने राजस्व लक्ष्य का 83.16 प्रतिशत हासिल करते हुए 7,097.38 करोड़ रुपये प्राप्त किये हैं।
राजस्व का बड़ा हिस्सा वाहन पंजीकरण के लाइफटाइम टैक्स (आजीवन कर) से आया, जिससे 4,714.63 करोड़ रुपये का योगदान मिला है। त्रैमासिक करों का हिस्सा 961.02 करोड़ रुपये रहा, जबकि ग्रीन टैक्स का संग्रह 78.35 करोड़ रुपये रहा है। शुल्क और सेवा शुल्क के माध्यम से 820.09 करोड़ रुपये प्राप्त किये गये हैं। विभाग की प्रवर्तन गतिविधियों के अंतर्गत निरीक्षण के माध्यम से 212.49 करोड़ रुपये और चालान के माध्यम से 310.80 करोड़ रुपये एकत्रित किए गए।
यह भी पढ़ें… जल बोर्ड : बरसात से पहले सड़कों की मरम्मत का निर्देश
पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के अपने प्रयासों के अंतर्गत परिवहन विभाग ने इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पर्याप्त कर राहत प्रदान की है। वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 91,637 इलेक्ट्रिक वाहनों को 769.81 करोड़ रुपये की लाइफटाइम टैक्स छूट दी गयी। अधिकारियों ने बताया कि इन पहलों के चलते अस्थायी रूप से राजस्व संग्रह प्रभावित हो रहा है, लेकिन इन प्रोत्साहनों का उद्देश्य इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अपनाने और पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने मदद करना है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



