कचरे ने खोला चोरी का राज, मालिक के घर चोरी करने वाला गिरफ्तार
हैदराबाद, जुबली हिल्स पुलिस ने मालिक के घर सोने के आभूषण चुराने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने 14 लाख रुपये के चुराए गए सोने के आभूषण के अलावा अन्य कुछ आभूषण बरामद किए।
जुबली हिल्स पुलिस ने बताया कि बिहार निवासी आनंद कुमार मुखिया कुछ वर्ष पूर्व रोजगार की तलाश में हैदराबाद आ गया था। बोराबंडा में रहते हुए वह पिछले 6 माह से जुबली हिल्स रोड नं. 25 में रहने वाले वृद्ध दंपत्ति अमीनुल्लाह खान (70) और शरीफ अजिया (62) के घर पर केयर टेकर के रूप में नौकरी कर रहा था। उसने वृद्ध दंपत्ति का विश्वास जीत लिया था, जिस कारण वृद्ध दंपत्ति उसके भरोसे अपना घर छोड़कर चले जाते थे।
यह भी पढ़ें… रेणु देसाई पर टिप्पणी मामले में एक और गिरफ्तार
दावत में गए दंपत्ति के घर से 14 लाख के गहने चोरी
गत 23 मार्च को दंपत्ति एक दावत में भाग लेने के लिए गए हुए थे। इस दौरान आनंद ने घर में रखे 14 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चुरा लिए। एक सप्ताह बाद दंपत्ति को सोने के आभूषण चुराने का पता चला। दंपत्ति ने आनंद पर संदेह कर पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने आनंद के अलावा एक और केयर टेकर गुड्डू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन दोनों ने पुलिस को कुछ नहीं बताया।
इस कारण पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया और गुड्डू भयभीत होकर अपने गाँव लौट गया। पुलिस ने आनंद के घर की तलाशी ली, लेकिन उसके घर से सोने के आभूषण बरामद नहीं हुए। दो दिन पूर्व पुलिस ने आनंद के घर फिर से तलाशी ली, लेकिन इस बार भी आभूषण बरामद नहीं हुए। हालाँकि पुलिस को उसके घर के खोने में रखे गए कचरे पर संदेह हुआ। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब कचरा हटाया, तब पुलिस को चुराए गए 14 लाख रुपये के दंपत्ति के सोने के आभूषण समेत अन्य कुछ आभूषण बरामद हुए। पुलिस द्वारा अपनी शैली में पूछताछ करने पर आनंद ने वृद्ध दंपत्ति के घर चोरी करने का अपराध स्वीकार लिया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



