टीवी के उम्मीदवार सूची जारी, विजय दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे

चेन्नई, टीवीके प्रमुख विजय ने तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए रविवार को राज्य की सभी 234 विधानसभा सीट से अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। विजय ने खुद चेन्नई के पेरम्बुर सहित दो सीट से पहली बार चुनाव लड़ने की घोषणा की। इन दोनों सीट को सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) का गढ़ माना जाता है।
विजय चेन्नई के पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व से चुनाव लड़ेंगे। द्रमुक ने पेरम्बूर से आरडी शेखर को मैदान में उतारा है और तिरुचिरापल्ली पूर्व में इनिगो इरुथयाराज को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। चेन्नई के एक चर्चित पांच सितारा होटल में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में जैसे ही यह घोषणा की गई कि इन दो सीट पर उम्मीदवार ‘‘सी जोसेफ विजय’’ होंगे, तो तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अभिनेता से नेता बने विजय का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने शेष 232 सीट के लिए अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए और उनका परिचय कराया, जिनमें उनकी कोर टीम के सदस्य भी शामिल थे। पार्टी प्रमुख विजय ने वरिष्ठ पार्टी नेताओं और अपनी आतंरिक टीम के सदस्यों एन आनंद, आधव अर्जुन, आर अरुणराज, सीटीआर निर्मल कुमार और के. ए. सेंग्कोट्टैयान को टी. नगर, विल्लीवाक्कम, गोबिचेट्टीपलयम और तिरुप्परनकुंड्रम सहित अन्य सीट से तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है।

ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) को छोड़ इस साल की शुरुआत में टीवीके में शामिल हुए पूर्व मंत्री कु पा कृष्णन को लालगुडी से मैदान में उतारा गया है। उम्मीदवारों में द्रमुक और अन्नाद्रमुक के कुछ पूर्व नेता भी शामिल हैं, जो बाद के दिनों में टीवीके में शामिल हो गए थे।
एक विधायक की विशेषताओं को परिभाषित करने की कोशिश करते हुए
विजय ने एक बार फिर दोहराया कि चुनावी लड़ाई ‘‘टीवीके के जनता के गठबंधन और स्टालिन सर के गठबंधन’’ के बीच है और राज्य में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन को महज ‘‘कामचलाऊ’’ बताया। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने ऐसे उम्मीदवारों को चुना है, जो जनता के साथ खड़े रहेंगे।’’
विजय ने कहा कि ये लोग महज उम्मीदवार (वेत्तपलरगल) नहीं, बल्कि ‘‘जनता के रक्षक’’ (मक्कल कप्पलार्गल) हैं और उन्होंने उनके लिए पूर्ण समर्थन की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से ‘‘जेनरेशन जेड’’ से अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न ‘सीटी’ पर भारी संख्या में मतदान करने तथा अपने घरों में भी टीवीके उम्मीदवारों को चुनाव में समर्थन देने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने दावा किया, ‘‘यह एक पीढ़ी का चुनावी मुकाबला है’’ जो सिर्फ द्रमुक और टीवीके के बीच होने वाला है तथा कोई अन्य पार्टी इस दौड़ में शामिल नहीं है।
एक विधायक की विशेषताओं को परिभाषित करने की कोशिश करते हुए उन्होंने कहा कि वे ईमानदार छवि वाले होने चाहिए और उनका व्यक्तित्व ऐसा होना चाहिए, जो लोगों को ‘‘लूटें’’ नहीं। विधायक के गुणों को परिभाषित करने का प्रयास करते हुए उन्होंने कहा कि उनमें त्रुटिहीन व्यक्तिगत ईमानदारी होनी चाहिए और वे लोगों को ‘‘लूटने’’ वाले नहीं होने चाहिए। राज्य में विधानसभा की 234 सीट के लिए चुनाव 23 अप्रैल को होंगे।
युवाओं के लिए अपने एजेंडा को विजय ने ‘‘गारंटी’’ बताया। विजय ने इसके अलावा तमिलनाडु को नशामुक्त बनाने, कक्षा 12 से पीएचडी तक 20 लाख रुपये तक बिना गिरवी के ऋण की गारंटी का वादा किया है। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों का भी परिचय कराया, जिनकी सूची उन्होंने पहले ही जारी कर दी थी।भाषा
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



