टीवीके अध्यक्ष विजय की पत्नी ने दायर की तलाक याचिका

चेन्नई, अभिनेता से नेता बने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक जोसेफ विजय चंद्रशेखर की पत्नी संगीता विजय ने चेंगलपट्टू की एक जिला अदालत में तलाक के लिये याचिका दायर की है। संगीता ने अर्जी में पति पर एक अभिनेत्री के साथ विवाहेतर संबंध रखने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि अभिनेता ने उन्हें ‘‘लगातार मानसिक क्रूरता, उपेक्षा और परित्याग’’ का शिकार बनाया है।

संगीता के मुताबिक, यदि आवश्यक हुआ तो वह अभिनेत्री को दूसरे प्रतिवादी के रूप में शामिल करेंगी।उन्होंने चेन्नई के नजदीक चेंगलपट्टू जिले की एक पारिवारिक अदालत में याचिका दायर की है। याचिका पर सुनवाई 10 अप्रैल को होने की संभावना है। संगीता ने विशेष विवाह अधिनियम, 1954 के तहत दाखिल अपनी याचिका में तलाक की गुहार लगाते हुए कहा कि शादी अपरिवर्तनीय रूप से टूट चुकी है। उन्होंने अदालत से गुहार लगाई है कि मामले की पूरी सुनवाई बंद कमरे में की जाए।

मीडिया कवरेज पर रोक की मांग, मानसिक उत्पीड़न का आरोप

संगीता ने कहा कि जब तक अदालत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, यूट्यूब चैनल, फेसबुक पेज और अन्य प्रिंट/मीडिया आउटलेट्स को कानूनी प्रावधानों के अनुसार इन कार्यवाही से संबंधित किसी भी साक्षात्कार, सार्वजनिक चर्चा या कोई भी सामग्री मुद्रित या डिजिटल मीडिया में प्रकाशित करने से रोकने के लिये व्यादेश (इनजंक्शन) का अंतरिम आदेश नहीं जारी करती है, तब तक उन्हें और उनके परिवार को और अधिक अपमान और मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ेगा।

याचिका में कहा कि 2021 से, प्रतिवादी (विजय) ने ‘‘भावनात्मक रूप से दूरी बना ली है’’ और वादी के साथ मौखिक रूप से तिरस्कारपूर्ण व्यवहार किया है और उसके लिये ऐसी परिस्थितियां पैदा की हैं, जिससे वह ससुराल के भीतर अलग रहने के लिए मजबूर हो जाए। याचिका के मुताबिक, संगीता और विजय का विवाह सर्वप्रथम 10 जुलाई, 1998 को ब्रिटेन में पंजीकृत हुआ था। इसके बाद, 25 अगस्त, 1999 को चेन्नई में एक औपचारिक विवाह समारोह संपन्न हुआ। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button