ट्विंकल-काजोल का धमाकेदार चैट शो, गोविंदा बने सबके फेवरेट गेस्ट
मुंबई, बॉलीवुड अभिनेत्रियाँ ट्विंकल खन्ना और काजोल, जो असल ज़िंदगी में दोस्त हैं, अब “टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल” नामक चैट शो की मेज़बानी करने जा रही हैं। वे आशा करती हैं कि उनकी मस्ती भरी केमिस्ट्री दर्शकों को पसंद आएगी, क्योंकि वे आमिर खान, सलमान खान, गोविंदा, आलिया भट्ट जैसे मेहमानों को आमंत्रित कर दिलचस्प बातचीत करेंगी।
बनिजे एशिया द्वारा निर्मित यह प्राइम वीडियो ओरिजिनल शो 25 सितंबर को भारत समेत 240 देशों में रिलीज़ होगा और हर गुरुवार को इसका नया एपिसोड आएगा। ट्रेलर लॉन्च के दौरान ट्विंकल ने कहा, “हम दूसरे चैट शोज़ से थोड़ा गहराई में जाने की कोशिश करते हैं। मुझे लगता है यही हमारी खासियत है। यह शो मज़ेदार है, बेबाक है, लेकिन बिल्कुल भी हल्का नहीं है। इसमें एक गंभीरता भी है।”

काजोल-ट्विंकल की ट्यूनिंग, गोविंदा बने सबसे फन गेस्ट
काजोल, जो पहली बार चैट शो की मेज़बानी कर रही हैं, ने कहा, “इस शो में बहुत हँसी-मज़ाक है, लेकिन अच्छी बात यह भी है कि हमारे मेहमानों ने अपने विचार बहुत अच्छे और सहज माहौल में साझा किए, बेहतरीन सवालों के साथ, जिससे हमें काफी कुछ मिला।” शो के ट्रेलर में विक्की कौशल, करण जौहर, कृति सैनन, जान्हवी कपूर और वरुण धवन जैसे सितारों के साथ बातचीत की झलकियाँ भी दिखाई गईं।
काजोल से पूछा गया कि सबसे मज़ेदार मेहमान कौन रहे, तो उन्होंने शुरुआत में सलमान और आमिर का नाम लिया, लेकिन बाद में कहा, “मेरे सबसे पसंदीदा मेहमान गोविंदा थे। वह बहुत ज़्यादा मनोरंजक थे। सभी मेहमान अच्छे थे, लेकिन गोविंदा तो गोविंदा हैं। वह एक आइकॉन हैं।”
ट्विंकल ने कहा कि वह और काजोल दोस्त से बढ़कर हैं। “मैं उन्हें शो में चिढ़ाते हुए ‘बहन’ कहती हूँ, लेकिन यह सच भी है। हम सिर्फ दोस्त नहीं, बहनें हैं। हम लड़ते हैं, एक-दूसरे का मज़ाक उड़ाते हैं, लेकिन हम एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं। हम दोनों एक-दूसरे का साथ निभाते हैं और शो के लिए यह बहुत ज़रूरी है।”
ट्विंकल-काजोल की केमिस्ट्री और करण संग मज़ेदार तकरार
काजोल ने कहा कि शो में उनकी केमिस्ट्री इसलिए भी काम करती है क्योंकि वे एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा नहीं कर रहीं, बल्कि एक-दूसरे को बेहतर बनाने में मदद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हम एक-दूसरे को आगे बढ़ा रहे हैं और साथ काम करना शानदार है। ट्विंकल ने जोड़ा कि हमारी समझ एक जैसी है। हमें एक जैसे मज़ाक पसंद आते हैं।
हम एक-दूसरे को बहुत मज़ेदार लगते हैं। मैं उसकी सबसे बड़ी चीयरलीडर हूँ और वह मेरी। करण जौहर, जो “कॉफ़ी विद करण” जैसे लोकप्रिय शो के मेज़बान रहे हैं, इस शो में मेहमान के रूप में दिखाई देंगे। दोनों अभिनेत्रियों ने कहा कि करण अच्छे वक्ता हैं, लेकिन वे उन्हें कैमरे के पीछे काफी परेशान करती हैं।
यह भी पढ़े : काजोल-ट्विंकल का टॉक शो : सिर्फ बॉलीवुड गॉसिप से नहीं चलेगा
काजोल ने कहा कि मुझे लगता है कि करण बहुत अच्छे वक्ता हैं। उन्होंने इतने सालों तक चैट शो किया है कि वह बहुत अच्छे से बोलते हैं। ट्विंकल ने कहा कि ये बहुत अच्छा बोल रही हैं। हम कैमरे के पीछे, कैमरे के सामने उन्हें बहुत परेशान करते हैं और वह इससे बचने की कोशिश करते हैं। मुझे नहीं लगता कि वह इसमें सफल होते हैं। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



