एटीएम में नकदी भरने वाले दो कर्मचारी 1.20 करोड़ रुपये लेकर फरार

हैदराबाद, एस.आर. नगर पुलिस क्षेत्र में एटीएम में नकदी भरने का काम करने वाले दो कर्मचारी करीब 1.20 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वासी रेड्डी और लतीफ एक निजी कैश मैनेजमेंट एजेंसी में लंबे समय से कार्यरत थे। उन्हें एसआर नगर क्षेत्र के विभिन्न एटीएम सेंटरों में नकदी जमा करने का काम सौंपा गया था। बताया गया कि पिछले दो दिनों से दोनों कर्मचारी अचानक ड्यूटी से गायब हो गए।
कंपनी द्वारा संपर्क करने के लिए फोन किए जाने पर भी दोनों से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कंपनी के ब्रांच मैनेजर नवीन ने एटीएम केंद्रों का आंतरिक ऑडिट कराया, तब एसआर नगर क्षेत्र के कुल 31 एटीएम से 1 करोड़ 20 लाख 98 हजार 500 रुपये की नकदी कम पाई गई।
यह भी पढ़ें हैदराबाद में दर्दनाक सड़क हादसे, 3 की मौत
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन ने तुरंत एसआर नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस अधिकारी सीसीटीवी फुटेज और कॉल डाटा रिकॉर्ड (सीडीआर) की मदद से आरोपियों के ठिकानों का पता लगाने में जुटे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



