ट्रैक्टर–स्कूल बस की टक्कर में बालिका समेत दो की मौत
हैदराबाद, वरंगल के पर्वतगिरि स्थित श्रीनगर चौराहे में ट्रैक्टर और निजी स्कूल बस की टक्कर में ट्रैक्टर चालक और एक नाबालिग बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार के 12 सदस्य ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर पर्वतगिरि के अन्नाराम गांव स्थित हजरत सैयद याकूब शावली बाबा दरगाह में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान श्रीनगर चौराहे के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की एक निजी स्कूल बस से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।स्थानीय लोगों ने बताया कि बस में करीब 40 बच्चे सवार थे। स्कूल की छुट्टी के बाद बस बच्चों को उनके घरों तक छोड़ने जा रही थी। घटना में बस का शीशा और खिड़कियां टूट गईं, जिससे कुछ स्कूली बच्चों को भी मामूली चोटें आईं।
सूचना मिलते ही पर्वतगिरी पुलिस स्टेशन के एसआई बी. प्रवीन मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल वरंगल के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान ट्रैक्टर चालक और घायल नाबालिग बच्ची ने दम तोड़ दिया। जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



