खम्मम में 24 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
हैदराबाद, तेलंगाना की ईगल फोर्स पुलिस ने खम्मम जिला पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 12 लाख रुपये मूल्य का 24 किलो गांजा, दो सेल फोन और एक ऑटो जब्त किया।
ईगल फोर्स के निदेशक संदीप शांडिल्य ने यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि सूत्रों से प्राप्त जानकारी के आधार पर ईगल फोर्स पुलिस ने खम्मम पुलिस के साथ मिलकर वरंगल चौराहा खम्मम के पास से ऑटो में तस्करी कर ले जाया जा रहा 24 किलो गांजा जब्त किया। इस मामले में ऑटो चालक गुरवाइगुडेम ग्राम खम्मम निवासी पुटामंतिनी उदय (21) और उसके साथी कुसुमंची मंडल खम्मम निवासी दामल्ला वेंकट को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में तम्ममपाडू ग्राम खम्मम निवासी पेशे से मजदूर अरेपुला अखिल (19) और ओडिशा निवासी गांजा सप्लायर नुकराजू फरार हैं।
24 किलो गांजा भरकर वरंगल में बेचने की कोशिश
संदीप शांडिल्य ने बताया कि उदय ने इंटर तक पढ़ाई की और कुछ दिन मजदूरी करने के बाद ऑटो चला कर अपनी आजीविका चला रहा था। पिछले वर्ष उसकी मुलाकात पसुपु लंका ग्राम कलिमेला, ओडिशा निवासी गांजा सप्लायर नुकराजू से हुई है और उसके कहने पर कमीशन के आधार पर वह ओडिशा से खम्मम के लिए ऑटो में गांजे की तस्करी कर रहा था। पिछले वर्ष उसने मार्च और सितंबर माह में दो बार गांजे की तस्करी की है।
यह भी पढ़े: हैदराबाद : गांजा तस्करी का भंडाफोड़, चार तस्कर गिरफ्तार
गत 22 फरवरी को ऑटो लेकर नुकराजू के पास गया और नुकराजू उसका ऑटो लेकर जंगल में चला गया और वहां से उसके ऑटो में 24 किलो गांजा भर दिया। गांजा लेकर वह 23 फरवरी की रात को अपने घर लौट आया। दूसरे दिन वह अपने साथियों वेंकट और अखिल के साथ मिलकर वरंगल चौराहे के पास गांजा बेचने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान पुलिस ने उदय और वेंकट को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में नुकराजू और अखिल फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



