अंडरपास व फ्लाईओवर से बँटेगा यातायात बोझ, बंजारा हिल्स में दो परियोजनाएँ प्रस्तावित
हैदराबाद, शहर की बड़ी सड़कें भी धीरे-धीरे बढ़ते वाहनीय यातायात से संकुचित होती जा रही हैं। ऐसे में सड़क विस्तारीकरण काफी महंगा सौदा साबित हो सकता है, इसलिए प्रशासन अंडरपास और फ्लाईओवरों को प्राथमिकता दे रहा है। इसी तरह की दो परियोजनाएँ बंजारा हिल्स रोड नंबर 3 के लिए प्रस्तावित हैं। जीएचएमसी की साधारण समिति द्वारा प्रस्तावों को मंज़ूरी दिये जाने के बाद निगम के अधिकारी इस पर तैयारियों में व्यस्त हो गये हैं।
जीएचएमसी ने शहर के सबसे व्यस्त जंक्शनों में से एक नागार्जुन सर्किल पर ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए दो लेन का एकतरफा स्टील फ्लाईओवर प्रस्तावित किया है। कल ही निगम की बैठक में इस परियोजना के लिए टेंडर आमंत्रित करने को हरी झंडी दी गयी। इस परियोजना के तहत रोड नंबर 3 से जीवीके मॉल तक स्टील फ्लाईओवर बनाया जाएगा। संभावना है कि जल्द ही इसकी निविदा प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, व्यस्त समय में पंजागुट्टा सर्किल और पंजागुट्टा अप रैम्प से प्रजा भवन, बेगमपेट और सिकंदराबाद की ओर जाने वाले सैकड़ों वाहन ट्रैफिक जाम में फंस जाते हैं। इसी समय जलगम वेंगलराव पार्क, मासाब टैंक और मेहदीपट्टनम से पंजागुट्टा और प्रजा भवन की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी एनएफसीएल जंक्शन पर जम जाता है, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा होती है।
यह भी पढ़ें… बीसी आरक्षण बढ़ाने निजी विधेयक लायेंगे : राहुल गांधी
वायाडक्ट से नीचे ट्रैफिक को मिलेगी सुविधा
जीएचएमसी के प्रस्ताव के अनुसार, स्टील ब्रिज की चौड़ाई 8.5 मीटर होगी, जिसमें दोनों ओर 0.5-0.5 मीटर के क्रैश बैरियर होंगे तथा 7.5 मीटर चौड़ा कैरिज-वे होगा। डिजाइन में फ्लाईओवर के नीचे से ट्रैफिक को गुजरने की सुविधा देने के लिए वायाडक्ट शामिल है। प्रस्तावित स्टील फ्लाईओवर में क्रैश बैरियर, एप्रोच स्लैब, पियर सुरक्षा उपाय तथा सभी खुले कांक्रीट सतहों पर एंटी-कार्बोनेशन पेंटिंग की जाएगी, ताकि मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निगम का दूसरा प्रस्ताव टीवी9 जंक्शन पर अंडरपास का निर्माण है। यह दो लेन का होगा। इसकी चौड़ाई 10 मीटर होगी, जिसमें 7.5 मीटर का कैरिज-वे, दोनों ओर 0.75 मीटर का फुटपाथ या ड्रेनेज-सह-यूटिलिटी डक्ट, रिटेनिंग वॉल एप्रोच तथा 2 लाख लीटर क्षमता का भूमिगत सम्प (जलाशय) शामिल होगा। यह अंडरपास एनएफसीएल जंक्शन से श्रीनगर कॉलोनी की ओर जाने वाले ट्रैफिक को लाभ पहुँचाएगा।
उल्लेखनीय है कि केबीआर पार्क से आने वाले वाहनों के लिए टीवी9 जंक्शन अधिकतर समय जाम की स्थिति पैदा करता है और कई बार पाँच मिनट से अधिक समय इस सिग्नल को पार करने के लिए लग जाता है। इस तरह यदि यहाँ अंडरपास का निर्माण सफल रूप से किया जाता है तो न केवल इस जंक्शन की समस्या का समाधान हो सकता है, बल्कि नागार्जुन सर्कल पर वाहनीय यातायात के देर तक रुकने की समस्या कुछ हद तक कम हो सकती है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



