उपराष्ट्रपति वेंस का दिल्ली में गर्मजोशी से स्वागत
नई दिल्ली, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस सोमवार को अपने परिवार के साथ दिल्ली पहुंचे। भारतीय अधिकारियों ने उन्हें गर्मजोशी से स्वागत किया। यह यात्रा भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को और मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वेंस की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, शुल्क और बाजार पहुंच जैसे मुद्दों पर चर्चा जारी है। अमेरिकी नेता के आगमन पर उनका औपचारिक स्वागत भी किया गया,और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया। यह सम्मान दर्शाता है कि भारत इस उच्चस्तरीय दौरे को कितनी गंभीरता और सम्मान से ले रहा हैI

उपराष्ट्रपति वेंस का दिल्ली में स्वागत
वेंस के साथ उनकी भारतीय मूल की पत्नी उषा चिलुकुरी और उनके तीन बच्चे इवान, विवेक, मीराबेल तथा वरिष्ठ अमेरिकी सरकारी अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी आया है।
अमेरिका के उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी का पालम एयरबेस पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका के उपराष्ट्रपति के साथ व्यापक वार्ता करने के बाद शाम को वेंस परिवार के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाले भारतीय दल का संभवत: हिस्सा होंगे।
वेंस की यात्रा संबंधी जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि बैठक में प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार संधि के अलावा दोनों देशों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के तरीके पर चर्चा होने की संभावना है। वेंस और उनका परिवार भारत की अपनी चार दिवसीय यात्रा के दौरान दिल्ली के अलावा जयपुर और आगरा भी जाएगा।
वेंस ऐसे समय में भारत आए हैं जब कुछ सप्ताह पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत सहित लगभग 60 देशों के खिलाफ व्यापक शुल्क व्यवस्था लागू करने के बाद उसे स्थगित कर दिया था। भारत और अमेरिका अब द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत कर रहे हैं जिसमें शुल्क और बाजार तक पहुंच सहित कई मुद्दों को शामिल किए जाने की संभावना है।
अमेरिका के उपराष्ट्रपति और उनका परिवार दिल्ली में आईटीसी मौर्य शेरेटन होटल में ठहरेगा। अधिकारियों ने बताया कि वेंस और उनका परिवार सोमवार रात जयपुर रवाना होगा। वेंस 22 अप्रैल को आमेर के किले सहित कई ऐतिहासिक स्थलों पर जाएंगे। यह किला यूनेस्को (संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन) विश्व धरोहर स्थल है। वेंस दोपहर में जयपुर स्थित राजस्थान अंतरराष्ट्रीय केंद्र में एक सभा को संबोधित करेंगे। वेंस अपने भाषण में अमेरिका में ट्रंप प्रशासन के शासनकाल में भारत-अमेरिका संबंधों के व्यापक पहलुओं पर बात कर सकते हैं। इस कार्यक्रम में राजनयिकों, विदेश नीति के विशेषज्ञों, भारत सरकार के अधिकारियों और शिक्षाविदों के भाग लेने की संभावना है।
अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति और उनका परिवार संभवत: 23 अप्रैल की सुबह आगरा जाएगा। आगरा में वे वहां ताजमहल और शिल्पग्राम जाएंगे। शिल्पग्राम विभिन्न भारतीय कलाकृतियों को दर्शाने वाला एक खुला एम्पोरियम है।आगरा की यात्रा के बाद वेंस 23 अप्रैल को जयपुर लौटेंगे। अधिकारियों ने बताया कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति और उनका परिवार 24 अप्रैल को जयपुर से अमेरिका रवाना होगा।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को बढ़ावा देना है, साथ ही सांस्कृतिक और सामरिक साझेदारी को भी और मजबूत करना है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति की यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों में एक नई दिशा और गति लाने की उम्मीदों के साथ की जा रही है। (भाषा)
यह भी पढ़ें– पीएम ने सीएम नायडू को दी जन्मदिन की बधाई
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



