विजयवाड़ा : भगवान महावीर 2625वें जन्म कल्याणक का महोत्सव
विजयवाड़ा, भाजपा के एनटीआर जिला कार्यालय में पहली बार भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के एनटीआर जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मीरा वली के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के एनटीआर जिला अध्यक्ष अड्डुरी श्रीराम उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान महावीर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अहिंसा परमो धर्मः, शांति और करुणा के उनके संदेशों को समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए सभी को इन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
अवसर पर जैन समाज के कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों में पन्नालाल जैन, अशोक कुमार भेरमल, अशोक कुमार जैन, नरेश जैन एवं सुभाष सालेचा ने भाग लिया। सभी वक्ताओं ने भगवान महावीर के जीवन दर्शन एवं सिद्धांतों को वर्तमान समय में मार्गदर्शक बताते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का कुशल संचालन भाजपा गवर्नरपेट मंडल के अध्यक्ष प्रवीण जैन राँका द्वारा किया गया। उनके नेतृत्व में सभी व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से संपन्न हुईं। कार्यक्रम में अड्डुरी श्रीराम ने जैन समाज के गणमान्य सदस्यों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
यह भी पढ़ें… महावीर हॉस्पिटल ने सेवा कार्य के साथ मनाया महावीर जन्म कल्याणक
समारोह के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं समाज के सदस्यों ने भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



