वरंगल : महिला और उसके बेटों के अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस से झड़प
वरंगल, वरंगल ज़िले के चेन्नारावपेट मंडल के माणिक्यम तांडा में उस समय तनाव फैल गया, जब बुधवार रात बोडा श्रावंती के अंतिम संस्कार के दौरान उसके रिश्तेदारों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। श्रावंती ने कथित तौर पर इस हफ़्ते की शुरुआत में कुकटपल्ली में अपने दो बेटों की हत्या कर दी थी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली थी। उसके परिवार ने आरोप लगाया है कि उसका पति प्रवीण उसे परेशान करता था।
पुलिस ने बताया कि स्थिति तब और बिगड़ गई जब शवों को ले जा रही एम्बुलेंस को गाँव के बाहरी इलाके में रोक दिया गया और अधिकारियों ने परिवार को निर्देश दिया कि वे अंतिम संस्कार एक तय शमशान घाट पर ही करें। हालाँकि रिश्तेदारों ने शवों को प्रवीण के घर ले जाने की ज़िद की, जहाँ घर के सामने वाले आँगन में पहले से ही गड्ढे खोदे गए थे। इस झड़प के दौरान परिवार के कुछ सदस्यों ने पुलिसकर्मियों पर मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे पुलिस को कुछ समय के लिए पीछे हटना पड़ा।
यह भी पढ़ें… सज्जनार ने शुरू किया ‘ए डे विद सीपी’ कार्यक्रम
भारी पुलिस बल तैनात, भीड़ को काबू करने में कठिनाई
इसके बाद रिश्तेदारों ने दोनों बच्चों को घर के सामने ही द़फना दिया। बाद में श्रावंती के शव का अंतिम संस्कार परिवार के ही एक खेत में किया गया। वहाँ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि लोगों की भावनाएँ भड़की होने के कारण उन्हें भीड़ को काबू करने में क़ाफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इन मौतों के बाद गाँव में पहले से ही अशांति फैली हुई थी और गुस्साई भीड़ ने प्रवीण के घर में आग लगा दी थी।
बदले की कार्रवाई के डर से उसके माता-पिता गाँव छोड़कर चले गए थे। पुलिस ने उस महिला के घर के पास भी सुरक्षा तैनात कर दी है, जिससे प्रवीण ने हाल ही में दूसरी शादी की थी, क्योंकि उन्हें वहाँ भी हमले की आशंका थी। कुकटपल्ली में हुई इस घटना की जाँच चल रही है। परिवार का आरोप है कि उत्पीड़न और दूसरी शादी ही इन मौतों की वजह बनी। पुलिस ने बताया कि गाँव में तनाव अभी भी बना हुआ है, इसलिए आगे किसी भी तरह की हिंसा को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



