जल बोर्ड : बरसात से पहले सड़कों की मरम्मत का निर्देश
हैदराबाद, जल बोर्ड के प्रबंध निदेशक अशोक रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि विभाग के विभिन्न कार्यों के लिए खुदी हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य मई के दूसरे सप्ताह से पहले पूरा किया जाए, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नागरिकों को न हो।
अशोक रेड्डी ने शहर में विभिन्न स्थानों पर कार्यों को अप्रैल माह के अंत तक पूरा करने के लिए अपनाई जाने वाली कार्ययोजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में संयुक्त प्रबंध निदेशक मयंक मित्तल एवं अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित थे। कार्यों की प्रगति के साथ उनके गुणवत्ता मानकों तथा क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं और उनके समाधान के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ओ एंड एम के अंतर्गत सर्किल वार स्वीकृत कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति, लंबित कार्यों के विवरण, तकनीकी स्वीकृति प्राप्त कार्यों और टीएस जारी न होने से हो रही देरी के कारणों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली गई। इसी प्रकार टेंडर प्रक्रिया, प्रतिक्रिया न मिलने या रद्द हुई निविदाओं के कारणों पर चर्चा की गई।
यह भी पढ़ें… फ्यूचर सिटी में जारी निर्माणों का जायजा लिया सीएम रेवंत रेड्डी ने
सर्किल वार स्वीकृत कार्यों की प्रशासनिक समीक्षा
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों से कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में स्वीकृति प्राप्त कार्यों को अप्रैल माह के अंत तक पूरा किया जाए। इसके लिए आवश्यक योजनाएँ तैयार की जाएँ। सुरक्षा और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए कार्य पूरा करने और नालों से निकाले गये कचरे को समय पर हटाते रहने के निर्देश उन्होंने दिये। अशोक रेड्डी ने कहा कि गुणवत्ता के मामले में कोई समझौता न किया जाए।
प्रबंध निदेशक ने सुझाव दिया कि कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में दो क्वालिटी कंट्रोल अधिकारियों की नियुक्ति कर जाँच कराई जाए और कार्यों की गुणवत्ता पर प्रमाणन देने की नई प्रणाली पर अध्ययन किया जाए। इससे कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही बढ़ेगी। उन्होंने वर्षाजल ढाँचों के निर्माण, गर्मियों में टैंकर डिलीवरी सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। अवसर पर कार्यकारी निदेशक पंकज, सम्राट अशोक, संतोष, ऑपरेशन निदेशक विनोद भार्गव, नारायण, श्रीनिवास रेड्डी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



