वी हब ने लांच किया कैंपसप्रेन्योर प्रोग्राम
हैदराबाद, वी हब फाउंडेशन द्वारा शुक्रवार को ग्रासरूट यूथ ईनोवेशन प्रोग्राम के अंतर्गत अपनी प्रमुख छात्र उद्यमिता पहल कैंपसप्रेन्योर का शुभारंभ किया गया। यह विशेष रूप से तैयार किया गया कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य छात्रों को संरचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, प्रोटोटाइप विकास तथा नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र संपर्क के माध्यम से नवीन विचारों को मान्य व व्यवहार्य व्यावसायिक मॉडलों में परिवर्तित करने में सहायता करना है।
जानकारी देते हुए कहा गया कि कैंपसप्रेन्योर के माध्यम से वी हब समावेशी तथा नवाचार-संचालित कैंपस ईको सिस्टम निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। यह कार्यक्रम युवा नवोन्मेषकों के लिए संरचित 12 सप्ताह के विचार-मंथन से प्रोटोटाइप तक की यात्रा की शुरुआत का प्रतीक है। ग्रासरूट यूथ ईनोवेशन प्रोग्राम का लक्ष्य संरचित मार्गदर्शन, उद्योग संपर्क व संस्थागत सहायता प्रदान कर तेलंगाना के टियर 2 और टियर 3 क्षेत्रों में नवाचार व उद्यमशीलता पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना है। कैंपसप्रेन्योर सतत कैंपस उद्यमिता, पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए शैक्षणिक संस्थानों को स्वयं के इनक्यूबेशन केंद्र स्थापित व प्रबंधित करने में सहायता प्रदान करेगा।
यह भी पढ़ें… आग पर काबू करने वाले हैद्रा कर्मी सम्मानित
कैंपसप्रेन्योर के पहले बैच में 57 उच्च-क्षमता वाली टीमें
कैंपसप्रेन्योर के लिए छात्र उद्यमियों की 57 उच्च-क्षमता वाली टीमों को पहले बैच के लिए चुना गया है। यह बैच राज्य के लगभग नौ जिलों के छब्बीस शिक्षण संस्थानों का प्रतिनिधित्व करेगा। इनमें मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय, श्रीनिधि विज्ञान व प्रौद्योगिकी संस्थान, प्रिंसटन महिला इंजीनियरिंग कॉलेज, सीएमआर इंजीनियरिंग कॉलेज, वर्धमान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, बीवीआरआईटी, जीएनआईटीएस, लोयोला अकादमी, आरजीयूकेटी बासर, गीतम हैदराबाद आदि का नाम शामिल है। इसके अलावा न्यूटन स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी, पुणे तथा डीवाई पाटिल विश्वविद्यालय का नाम है।
वी हब की सीईओ सीता पल्लाचोला ने कहा कि कैंपसप्रेन्योर का उद्देश्य युवा लड़कियों को सशक्त बनाना है। ताकि वे खुद को सिर्फ नौकरी चाहने वाली नहीं, बल्कि नौकरी के अवसर सृजित करने वाली के रूप में देखें। सही कौशल, मार्गदर्शन और इकोसिस्टम सपोर्ट प्रदान कर हम उन्हें आत्मविश्वास विकसित करने, अपने विचारों को औपचारिक रूप देने, आर्थिक स्वतंत्रता तथा नेतृत्व मार्गदर्शन में उद्यमिता की ओर कदम रखने में सक्षम बनाएँगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



