हुस्नाबाद को बनाएँगे मॉडल विधानसभा क्षेत्र : बंडी संजय
हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने अपने गृह जिले करीमनगर की हुस्नाबाद विधानसभा को मॉडल असेम्बली के रूप में विकसित करने का संकल्प लेते हुए सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों में निशुल्क साइकिल का वितरण किया।

आज कारगिल विजय दिवस के अवसर पर करीमनगर में आयोजित कार्यक्रम में कई सरकारी स्कूलों के दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को फ्री साइकिल वितरित करते हुए बंडी संजय ने प्रदेश के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर के साथ मिलकर दलगत राजनीति से परे हुस्नाबाद विधानसभा क्षेत्र को मॉडल विधानसभा के रूप में बनाने का साझा संकल्प लिया।
बंडी संजय ने कहा कि अगले शैक्षणिक वर्ष से हुस्नाबाद में नवोदय विद्यालय की स्थापना की जाएगी और सैनिक स्कूल के लिए भी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही हर सरकारी स्कूल में आरओ प्लांट, इन्फ्रास्ट्रक्चर सुधार और मोदी किट (बैग, स्टील बॉटल, नोटबुक, पेन-पेंसिल) बांटी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के दसवीं के छात्रों को प्रतिवर्ष मोदी उपहार के रूप में निशुल्क साइकिल भेंट की जाएगी।
गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए बंडी संजय ने शुरू की साइकिल सेवा

बंडी संजय ने कहा कि कुछ वर्षों पहले निर्मल में उनकी एक गरीब बच्चे रामचरण से भेंट हुई थी, स्कूल के बारे में पूछने पर रामचरण ने साइकिल नहीं होने की वजह से स्कूल नहीं जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उसी दिन से उन्होंने बच्चों की शिक्षा व साइकिल की आवश्यकता को देखते हुए साइकिल वितरण करने का विचार कर लिया था।
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि वे करीमनगर लोकसभा क्षेत्र में कोई राजनीतिक गतिविधि नहीं करेंगे, बल्कि प्रदेश के मंत्री पोन्नम प्रभाकर के साथ मिलकर सिर्फ विकास की राजनीति करेंगे। बंडी संजय ने बताया कि ये साइकिलें किसी सरकारी बजट से नहीं, बल्कि कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत खरीदी गई हैं।
यह भी पढ़े : पाशामैलारम दुर्घटना के पीड़ित परिवारों को अंतरिम मुआवज़ा वितरित
केंद्रीय मंत्री ने सहयोग को लेकर उद्योगपतियों का भी आभार जताया। अवसर पर पोन्नम प्रभाकर ने भी अपनी ओर से हुस्नाबाद के विकास, सरकारी स्कूलों को मॉडल स्कूल में बदलने की दिशा में हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में जिलाधीश के. हेमवती के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



