जीतेंगे शान से : रेवंत रेड्डी ने शुरू किया चुनाव प्रचार

हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि भोजन परोसने वाला व्यक्ति हमारा होना चाहिए और भोजन माँगने वाला भी हमारा होना चाहिए। कांग्रेस अगले 8 साल तक सत्ता में बनी रहेगी। कांग्रेस जीतती है, तो गरीब जीतता है। विकास के लिए सत्ताधारी पार्टी ( कांग्रेस) को ही जीतना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नगरपालिकाओं पर कांग्रेस का झंडा लहराएगा।

सीएम ने बुधवार को नलगोंडा जिले के मिर्यालगुड़ा में म्युनिसिपल चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया। इस अवसर पर उन्होंने मिर्यालगुड़ा मंडल के गूडूर में 200 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले यंग इंडिया इंटीग्रेटेड रेसिडेन्शियल स्कूल की आधारशिला रखी।

तत्पश्चात उन्होंने प्रजा पालना प्रगति बाटा जनसभा में महिला स्वयं सहायता समूहों को चेक प्रदान किए। जनसभा को संबोधित करते हुए रेवंत रेड्डी ने मुख्य विपक्ष बीआरएस की जमकर खिंचाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने तेलंगाना गठन के बाद गरीब परिवारों को राशन कार्ड तक नहीं दिए। जब से हमारी सरकार सत्ता में आई है, हमने लाखों लोगों को राशन कार्ड दिए। हम तीन करोड़ दस लाख लोगों को बारीक चावल दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग बारीक चावल से खाना बना कर खा रहे हैं, उनके वोट कांग्रेस को मिलना तय है।

धान खेती को बढ़ावा और बारीक धान पर 500 रु बोनस

हम कृषि के लिए मुफ्त बिजली दे रहे हैं। हमारी सरकार घरों के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली दे रही है। पिछली सरकार ने धान की खेती को हतोत्साहित किया था, लेकिन हमारी सरकार धान की खेती को प्रोत्साहित कर रही है। हम बारीक धान के लिए 500 रुपये बोनस भी दे रहे हैं। प्रति वर्ष रैतु भरोसा योजना के तहत प्रत्येक एकड़ को 6 हजार रूपये दे रहे हैं। पिछले वर्ष किसानों को केवल 9 दिनों में 9 हजार करोड़ दिये गये थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि म्युनिसिपल चुनाव समाप्त होने के बाद रैतु भरोसा योजना के तहत किसानों के लिऐ 9 हजार करोड़ रूपये जारी होंगे। उन्होंने याद दिलाया कि किसान कल्याण पर अब तक हमारी सरकार ने 1.10 लाख करोड़ खर्च किए हैं। रेवंत ने आगे कहा कि हमारी सरकार ने महिलाओं को आरटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की है। अगर आरटीसी में मुफ्त यात्रा करने वाली सभी महिलाओं ने कांग्रेस को वोट दिया, तो भाजपा और बीआरएस के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाएगी।

रेवंत रेड्डी ने विपक्षी नेता केसीआर पर निशाना साधते हुए कहा कि केसीआर ने 10 साल तक मुख्यमंत्री के रूप में काम किया और अपने लिए फार्म हाउस और प्रगति भवन का निर्माण कराया। बीआरएस ने गरीबों को घर देने का विचार तक नहीं किया। हमारी सरकार ने सत्ता में आने के बाद गरीब लोगों के लिए 4.50 लाख इंदिरम्मा आवास मंजूर किये। आगामी बजट में भी बड़े पैमाने पर इंदिरम्मा घरों को स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि पिछली सरकार ने नलगोंडा जिले में फ्लोराइड की समस्या का समाधान नहीं किया।

प्रो. जयशंकर को ‘फॉदर ऑफ तेलंगाना’ बताने की मांग

बीआरएस सरकार ने नलगोंडा जिले पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए एसएलबीसी परियोजना को पूरा नहीं किया। हमारी सरकार ने एसएलबीसी को दो साल में पूरा करने का संकल्प लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस नेता (केसीआर) ने 10 साल तक सत्ता में रहकर तेलंगाना को लूटा और फोन टैपिंग की। ऐसा काम करने वालों को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने पूछा कि केसीआर खुद को फॉदर ऑफ तेलंगाना बताते हैं। क्या बीआरएस के अन्य नेता तेलंगाना के लोगों को उनकी कमाई देंगे? उन्होंने पूछा कि जिस केसीआर ने राज्य को लूटा, वह फॉदर ऑफ तेलंगाना कैसे हो सकता है? उन्होंने कहा कि प्रो. जयशंकर ने तेलंगाना के लिए अपना सब कुछ त्याग दिया, उन्हें फॉदर ऑफ तेलंगाना बनना चाहिए।

यह भी पढ़ें… रेलवे हब बनेगा हैदराबाद : किशन रेड्डी

रेवंत रेड्डी ने कहा, सभी नगर पालिकाओं में कांग्रेस पार्टी की जीत होनी चाहिए। हमने नगरपालिकाओं के विकास के लिए 17,472 करोड़ रुपये खर्च किए। केवल नलगोंडा जिले की नगरपालिकाओं में 2,028 करोड़ रुपये खर्च किए। मिरयालगुड़ा नगरपालिका में 295 करोड़ रुपये खर्च किए गये। नगरपालिका विभाग मेरे पास ही है। नगरपालिकाओं को विकसित करने की जिम्मेदारी मेरी है। उन्होंने शहरी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे मतदान करने से पहले चावल, राशन कार्ड, रैतु भरोसा, फसल ऋण माफी, आरटीसी में मुफ्त यात्रा, 70 हजार सरकारी नौकरियां, इंदिरम्मा घर आदि योजनाओं को याद करें।

साथ ही जोड़ा कि प्रजा सरकार ने आदिवासियों, गरीबों, बेरोजगारों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों के लिए कई विकास और कल्याणकारी कार्यक्रम शुरू किए हैं। उन्होंने जनता से कहा कि सरकारी कार्यक्रमों को देखें और म्युनिसिपल चुनावों में अपना फैसला दें। जनसभा में मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी, कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, लक्ष्मण, सांसद रघुवीर रेड्डी सहित पूर्व नलगोंडा जिले के विधायक, विधान परिषद सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि तथा नेताओं ने भाग लिया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button