फिल्म किंग में नज़र आएंगे अक्षय ओबेरॉय
ऐक्टर अक्षय ओबेरॉय अभिनेता सुरेश ओबेरॉय के भाई कृष्ण ओबेरॉय के बेटे हैं। शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म किंग में कास्ट किए जाने के बाद से अक्षय ओबेरॉय काफी सुर्खियों में हैं। किंग साइन किए जाने के बाद से ही वे काफी खुश और एक्साइटेड हैं। 1 जनवरी, 1985 को अमेरिका में न्यूजर्सी के मोरिस टाउन में पैदा हुए अक्षय ओबेरॉय ने बाल्टीमोर में जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय में थिएटर आर्ट्स और इकोनॉमिक्स में बैचलर की डिग्री हासिल की। उन्होंने न्यूयॉर्क शहर में स्टेला एडलर और फिर लॉस एंजिल्स में प्लेहाउस वेस्ट में ऐक्टिंग की ट्रेनिंग ली है।
मुंबई आने के बाद अक्षय ने किशोर नमित कपूर के ऐक्टिंग इंस्टिटयूट में दाखिला ले लिया। वहाँ से निकलकर वे जुहू के मशहूर पृथ्वी थिएटर से जुड़कर मकरंद देशपांडे के साथ स्टेज करने लगे। अक्षय ओबेराय ने अपने कॅरियर की शुरुआत कॉमेडी ड्रामा फिल्म अमेरिकन चाय (2002) से की । उसके बाद राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म इसी लाइफ में…! (2010) में पहली बार उन्हें लीड रोल निभाने का अवसर मिला। इसके बाद वे बिजॉय नांबियार के टीवी शो एमटीवी रश (2012) के पहले एपीसोड में नजर आए। बिजॉय नांबियार ने उन्हें सस्पेंस थ्रिलर फिल्म, पिज्जा (2014) में भी अवसर दिया।
द टेस्ट केस से लेकर द ब्रोकन न्यूज 2 तक दमदार प्रदर्शन
अक्षय अब तक फिल्म पीकू (2015) लाल रंग (2016) एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा (2019) गैसलाइट (2023) फाइटर (2024) और वरुण धवन और जाह्नवी कपूर के मेन लीड वाली शशांक खेतान के निर्देशन में बनी फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी (2025) जैसी 2 दर्जन से अधिक फिल्मों में नजर आ चुके हैं। अक्षय ओबेरॉय फिल्मों के अलावा आधा दर्जन शॉर्ट फिल्म और लगभग 16 वेब सीरीज भी कर चुके हैं।
वेब सीरीज द टेस्ट केस (2017), इल्लीगल (2020), इल्लीगल 2 (2021) इनसाइड एज (2021) इल्लीगल 3 (2024) और द ब्रोकन न्यूज 2 (2024) में अक्षय के काम को काफी अधिक पसंद किया गया। अक्षय ओबेरॉय इन दिनों शाहरुख खान की फिल्म किंग के अलावा टॉक्सिक, वर्चस्व टू जीरो वन फोर और फिल्म लाल रंग (2016) के सीक्वेल की शूटिंग कर रहे हैं।
-सुभाष शिरढोनकर
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



