बीसी आरक्षण बढ़ाने निजी विधेयक लायेंगे : राहुल गांधी

हैदराबाद, लोकसभा में विपक्ष नेता राहुल गांधी ने आश्वासन देते हुए कहा कि तेलंगाना में बीसी आरक्षण को बढ़ाने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से संसद में निजी विधेयक पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक-एक खामियों को प्रकाश में ला रहे हैं। उन्होंने दोनों तेलुगु राज्यों के डीसीसी अध्यक्षों को उन खामियों को जनता में ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस पार्टी और सरकार अच्छी तरह से मिल जुल कर काम कर रहे है। उन्होंने मुख्य रूप से सामाजिक मुद्दों पर अधिक ध्यान केंद्रित करने का सुझाव दिया।

विकाराबाद जिले के अनंतगिरि में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत दोनों तेलुगु राज्यों के जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आज समापन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस कार्यक्रम में राहुल के साथ-साथ मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल, पीसीसी मामलों के प्रभारी मीनाक्षी नटराजन, पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़, एपीसीसी अध्यक्ष शर्मिला व अन्य नेताओं ने भाग लिया।

इस मौके पर पीसीसी नेताओं ने राज्य में बीसी जनगणना प्रक्रिया पूरा किये जाने का जिक्र करते हुए राहुल गांधी से इस संबंध में संसद में निजी विधेयक पेश करने का आग्रह किया। इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने उपरोक्त बात कही। उन्होंने आलोचना करते हुए कहा कि मोदी सरकार की विदेशी नीति भी ठीक नहीं है। उन्होंने कामना की कि भारत को ईरान जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि मोदी सरकार के कारनामों के चलते भारत को भी कठिन परिस्थितियों का सामना करने का खतरा है। उन्होंने कहा कि इंडो-अमेरिकन व्यापार सौदा देश के खतरा पैदा कर सकता है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील

राहुल गांधी ने आगे कहा कि बीजेपी लोगों में नफरत फैलाकर किसी भी तरह से सत्ता में आना चाहती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सावधान रहना चाहिए और बीजेपी को रोकना चाहिए और देश को बचाना चाहिए। कांग्रेस का मतलब शांति, अहिंसा और सच्चाई है और हमको इनके साथ लोगों के पास जाना चाहिए। कांग्रेस को लोगों की सहमति से सत्ता में आना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी नेताओं को अपना अहंकार छोड़कर लोगों के लिए काम करना चाहिए। कांग्रेस में बराबरी का सिद्धांत सबसे अहम है।

पार्टी को जाति, धर्म, वर्ग, लिंग, अमीर या गरीब की परवाह किए बिना सभी का सम्मान करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि पार्टी में महिलाओं का सम्मान किया जाना चाहिए और उन्हें सही प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को पार्टी को मजबूत करने के लिए जन समस्याओं पर काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि मैं आपके भविष्य का ध्यान रखूंगा। अगर आप अच्छा काम करेंगे, तो आपको एक नेता के तौर पर किसी भी स्तर तक पहुंचने का मौका मिलेगा। राहुल गांधी ने निर्देश दिया कि आपका काम और आपकी कार्य शैली लोगों के लिए होनी चाहिए। लोगों को कांग्रेस पार्टी पर भरोसा होना चाहिए और वे पार्टी की तरफ आकर्षित होने चाहिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष का पद एक जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री बनने को तैयार राहुल

राहुल गांधी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद को लेकर सकारात्मक संकेत दिए है। रेवंत रेड्डी ने आग्रह किया कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनना चाहिए, इसके जवाब में उन्होंने मुस्कुराकर सिर हिलाया। पीसीसी सूत्रों ने कहा कि राहुल ने प्रधानमंत्री का पद लेने के लिए सहमति जताते हुए कहा कि वे मोदी के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हैं।

यह भी पढ़ें… तेलंगाना के नागरिकों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम

बीसी को सबसे अधिक प्राथमिकता : महेश कुमार गौड़

पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा दिखाये गये रास्ते पर चलते हुए तेलंगाना में बीसी को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गई है। राज्य में जाति जनगणना, जो सौ साल में नहीं हुई थी, उसे पूरा कर लिया गया और विधानसभा में बिल भी पास करवाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बिल को रोकने के लिए बीजेपी और बीआरएस ने साजिश की।

इसके बावजूद पार्टी ने पंचायत, म्युनिसिपल चुनावों में बीसी को अधिक सीट देकर उन्हें जिताया है। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार बीसी के लिए 28 प्रतिशत आरक्षण है, लेकिन कई जनरल सीटों पर बीसी को मैदान में उतारने और उन्हें जिताने का श्रेय कांग्रेस पार्टी को जाता है। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति में भी बीसी को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी जिला समितियों को जल्द ही नियुक्त करके पार्टी को और मजबूत किया जाएगा।

पार्टी को और मजबूत करने का प्रस्ताव पारित

इस दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य में कांग्रेस पार्टी को और मजबूत करने का प्रस्ताव पारित किया गया है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी संस्थागत ढांचा को मजबूत बनाने, नेतृत्व कौशल का विकास, लोगों से जुड़ने और चुनाव की रणनीति जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। राज्य भर से आए जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों की राजनीतिक स्थिति, बूथ स्तर पर पार्टी निर्माण और जन समस्याओं पर पार्टी की प्रतिक्रिया का विश्लेषण किया और अपने अनुभव साझा किए। पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य में कांग्रेस पार्टी को और मजबूत करने के संकल्प के साथ समाप्त हुआ।

देश के प्रधानमंत्री बनें राहुल गांधी : रेवंत रेड्डी

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनना चाहिए। राहुल के परिवार में उनके दादा, दादी और पिता ने प्रधानमंत्री बने थे। राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने की कोई तम्मन्ना नहीं है। प्रधानमंत्री का पद राहुल गांधी के लिए कोई सजावट नहीं है। यह पद देश के लोगों की सेवा के लिए है। राहुल गांधी को उस दिशा में अपनी तैयारी दिखानी चाहिए। यह देश के लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्रबल इच्छा है।

राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए काम करना चाहिए और देश के लिए यह ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि राहुल एक आम आदमी की तरह सबके साथ मिलकर राजनीति कर रहे हैं, लेकिन देश के मौजूदा हालात में सभी को कड़ी मेहनत करनी चाहिए ताकि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें। उन्होंने आगे कहा कि वह एक सीएम के रूप में नहीं, बल्कि एक कांग्रेस कार्यकर्ता के तौर पर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button