फरवरी के अंत तक जारी रहेगी कपास की खरीद : तुम्मला
हैदराबाद, कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने कहा कि राज्य सरकार के अनुरोध पर भारतीय कपास निगम (सीसीआई) ने राज्य में कपास की खरीद फरवरी के अंत तक जारी रखने पर सहमति जताई है।
तुम्मला नागेश्वर ने जारी बयान में कहा कि राज्य में इस मौसम में कपास की बुवाई में देरी के कारण उपज भी देरी से बाजार में आ रही है। यह वास्तविक स्थिति केंद्र को समझाते हुए खरीद की समय सीमा बढ़ाने के लिए आग्रह किया गया। राज्य में इस वर्ष 45.32 लाख एकड़ भूमि पर कपास की खेती की जा रही है और 28.29 लाख मीट्रिक टन कपास का उत्पादन होने का अनुमान है। सीसीआई ने अब तक 8.80 लाख किसानों से 16.15 लाख मीट्रिक टन कपास की खरीद की है, जिसकी कीमत 12,823 करोड़ रुपये है।
यह भी पढे़: राज्य में यूरिया का पर्याप्त भंडार : तुम्मला
इसी प्रकार अब तक बाजार से 2.24 लाख मीट्रिक टन गैर-गुणवत्ता वाले कपास की खरीद भी की जा चुकी है। हालांकि, मार्केटिंग अधिकारियों का अनुमान है कि राज्य में अभी भी 9.99 लाख मीट्रिक टन कपास किसानों के पास है। इसके मद्देनजर फरवरी मासांत तक खरीद की समय सीमा बढ़ाने से किसानों को राहत मिली है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे विस्तारित समय सीमा का लाभ उठाएं और कपास को पास के सीसीआई खरीद केंद्रों पर लाएं और समर्थन मूल्य पर बेचें। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए तत्पर है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



