एफटीसीसीआई टूरिज्म जंक्शन ज्वेल्स फोटो प्रतियोगिता के विजेता पुरस्कृत

हैदराबाद, जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने आज फेडरेशन ऑफ तेलंगाना चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफटीसीसीआई) की पर्यटन समिति द्वारा आयोजित टूरिज्म जंक्शन ज्वेल्स फोटो प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता नमस्ते तेलंगाना के फोटोग्राफर-पत्रकार रजनीकांत, द्वितीय विजेता साक्षी तेलुगु के फोटो पत्रकार नोमुला राजेश रेड्डी तथा तृतीय विजेता शौकिया फोटोग्राफर मोगिलिशेट्टी संध्या को पुरस्कार प्रदान किए गए।

आर.वी. कर्णन ने रेड हिल्स स्थित फेडरेशन भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता की परिकल्पना करने के लिए एफटीसीसीआई पर्यटन समिति की सराहना की। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण के तहत जीएचएमसी ने शहरभर में सौ से अधिक कलाकृतियां स्थापित की हैं, लेकिन कई नागरिक इन प्रयासों से पूरी तरह अवगत नहीं हैं या उनकी सराहना नहीं करते हैं। हर्ष का विषय है कि एफटीसीसीआई की पर्यटन समिति ने इस प्रतियोगिता के माध्यम से इन प्रयासों को सामने लाने में अपना योगदान दिया।

जीएचएमसी आयुक्त ने कहा कि हैदराबाद के सौंदर्यीकरण का काम जारी रहेगा। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि और हैदराबाद के व्यंजनों, भित्ती चित्रों, दीवार चित्रों और अन्य सांस्कृतिक तत्वों को बढ़ावा देने के लिए इस तरह रचनात्मक पहल आगे भी आयोजित की जानी चाहिए। अवसर पर उन्होंने पर्यटन समिति की भविष्य की पहलों के लिए जीएचएमसी के समर्थन का भी आश्वासन दिया, जिसमें होम स्टे के लिए क्षमता-निर्माण कार्यक्रम भी शामिल है।

एफटीसीसीआई अध्यक्ष आर. रवि कुमार ने कहा कि ट्रैफिक जंक्शन कला यह दर्शाती है कि कैसे रोजमर्रा के शहरी स्थान भी रचनात्मकता और पहचान के प्रतीक बन सकते हैं। टूरिज्म ट्रैफिक जंक्शन ज्वेल्स पहल के माध्यम से एफटीसीसीआई हैदराबाद के सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की कलात्मक सुंदरता को उजागर करना चाहता है। साथ ही लोगों को शहर के विकसित होते सांस्कृतिक परिदृश्य को देखने के लिए प्रोत्साहित करना चाहता है।

45 दिनों में 200+ प्रविष्टियां और 700+ तस्वीरें प्रतियोगिता में मिलीं

एफटीसीसीआई पर्यटन समिति के अध्यक्ष प्रकाश अम्मानबोलू तथा सह-अध्यक्ष डी. रामचंद्रम ने बताया कि यह प्रतियोगिता हैदराबाद के रचनात्मक रूप से डिजाइन किए गए चौराहों की तस्वीरें लेने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित की गई थी। 45 दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में 200 से अधिक प्रविष्टियां तथा 700 से अधिक तस्वीरें प्राप्त हुईं। हमारी योजना हैदराबाद के ट्रैफिक जंक्शन ज्वेल्स पर एक कॉफी टेबल बुक तैयार करना भी है। डी. रामचंद्रम ने सुझाव देते हुए कहा कि कॉर्पोरेट संगठनों के सहयोग से यातायात चौराहों पर बने ढांचों का नियमित रखरखाव किया जाना चाहिए। इस पर जीएचएमसी आयुक्त ने कहा कि कलाकृतियों के पास सूचना पट्टिकाएँ लगाने के प्रयास किए जाएँगे जिनमें उनके महत्व को समझाया जाएगा।

यह भी पढ़ें… जीएचएमसी : कर्णन ने किया गोशामहल और कारवान का औचक दौरा

जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रथम विजेता रजनीकांत गौड़ की तस्वीर में आउटर रिंग रोड के नारसिंगी-कोकापेट खंड पर स्थित खेलते हुए बच्चों के एक स्कल्पचर को दर्शाया गया। द्वितीय विजेता नोमुला राजेश रेड्डी ने अपनी तस्वीर में नारसिंगी-कोकापेट गलियारे पर स्थित चिंतनशील मानव सिर वाली प्रतिमा को दर्शया। तृतीय पुरस्कार मोगिलिशेट्टी संध्या को माधापुर में शिल्पकला वेदिका के पास स्थित एक कलाकृति की तस्वीर को कैमरे में कैद करने के लिए प्राप्त हुआ। प्रथम पुरस्कार के रूप में 10,000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 7,500 रुपए तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 5,000 रुपए के साथ-साथ प्रमाण-पत्र दिए गए। अवसर पर 1,000 रुपए के पांच सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button