हैदराबाद, वैश्विक स्तर पर धन के लेन-देन और प्रबंधन में नवीनतम तकनीक का उपयोग करने वाली कंपनी वाइज ने हैदराबाद में अपने नए कार्यालय की शुरुआत की है। इस अवसर पर एशिया-प्रशांत क्षेत्र की नेतृत्व टीम भी विशेष रूप से हैदराबाद पहुंची है।
हैदराबाद कार्यालय का नेतृत्व स्मृति रवि ने आज यहाँ संवाददाताओं को बताया कि अप्रैल 2025 में भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत के बाद से वाइज की हैदराबाद टीम में अब तक 70 सदस्य शामिल हो गये हैं। इनमें इंजीनियरिंग, संचालन और मानव संसाधन विभागों के कर्मचारी शामिल हैं। सिंगापुर कार्यालय से हैदराबाद स्थानांतरित होकर आई स्मृति रवि ने बताया कि बीते छह वर्षों से वाइज के सिंगापुर हब में एपीएसी क्षेत्र के लिए इंजीनियरिंग टीम का नेतृत्व कर रही थीं। वाइज आने वाले वर्षों में हैदराबाद में उत्पाद, इंजीनियरिंग और संचालन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सैकड़ों पदों के लिए भर्ती करेगा। यह स्थानीय टीम न केवल भारत के लिए नवाचार करेगी, बल्कि कंपनी के वैश्विक रोडमैप को भी गति देगी।
स्मृति ने बताया कि भारत वाइज के लिए प्रमुख विकासशील बाजार है। कंपनी ने 2013 में भारत में प्रवासी समुदाय के लिए प्रेषण सेवाएं शुरू की थींऔर 2021 में देश से अत्यंत तेज़ मनी ट्रांसफर सेवा की शुरुआत की। हाल ही में वाइज ने भारतीय व्यवसायों और फ्रीलांसरों के लिए अंतरराष्ट्रीय खाता विवरण सुविधा शुरू की है, जिससे वे पारंपरिक और महंगी वायर ट्रांसफर के बिना आठ वैश्विक मुद्राओं में भुगतान प्राप्त कर सकते हैं। इस सप्ताह एपीएसी नेतृत्व टीम ने सीधे ग्राहकों से मुलाकात की और उनकी सीमा-पार भुगतान संबंधी आवश्यकताओं को समझा। इन जानकारियों को अब हैदराबाद में अपनी बढ़ती टीम के साथ मूर्त रूप दिया जाएगा।
वाइज की एपीएसी प्रतिभा प्रमुख ऋचा दिरानी ने कहा कि हैदराबाद में स्थानीय प्रतिभाओं से मिलना बेहद उपयोगी रहा है। यहाँ के तकनीकी और संचालन पेशेवरों की गुणवत्ता ने यह सिद्ध कर दिया कि हैदराबाद कंपनी के लिए आदर्श हब है।
यह भी पढ़ें..जीबीएम डायनामिक की म्यूजिकल महफिल संपन्न
