सच्ची श्रद्धा से पानी में तैर जाते हैं पत्थर : जयश्रीजी
हैदराबाद, अपनी श्रद्धा सच्ची और निष्ठा पावन व पवित्र हो, तो पत्थर भी पानी में तैर सकते हैं। फिर आत्मा से परमात्मा बनना भी मुश्किल नहीं है। उक्त उद्गार श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ ग्रेटर हैदराबाद के तत्वावधान में काचीगुड़ा स्थित श्री पूनमचंद गांधी जैन स्थानक में चातुर्मासिक धर्मसभा को संबोधित करते हुए श्रमण संघीय राजस्थान वीरांगना साध्वी जयश्रीजी म.सा आदि ठाणा-3 ने व्यक्त किये।
संघ के कार्याध्यक्ष विनोद कीमती द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, साध्वी जयश्री म.सा ने कहा कि शुद्ध विचार है, श्रद्धा है तो सत्य को प्राप्त करना कोई कठिन कार्य नहीं है। किसी विषय की गूढ़ता और विचित्रिता से आकृष्ट होने और उसके बारे में जानने की प्रबल इच्छा को श्रद्धा कहा गया है। वाल्मीकि के लिए कहा जाता है कि राम-राम के स्थान पर मरा-मरा का ध्यान करने लगे, मंत्र गलत हो गया था, लेकिन मन गलत नहीं हुआ। शब्द का उच्चारण गलत था, लेकिन श्रद्धा गलत नहीं थी। कहा जाता है कि वे मरा-मरा का ध्यान करते-करते सिद्ध पुरुष हो गये।
यह भी पढ़ें… जीवन की वास्तविकता को समझें : जयश्रीजी म.सा
नमस्कार महामंत्र और नवपद ओली का लाभ
नमस्कार महामंत्र की महिमा व गरिमा को बताते हुए म.सा. ने कहा कि यदि सच्ची श्रद्धा से एक नमस्कार महामंत्र की माला गिनें, तो 19 लाख 63 हजार 263 पल्योपम से अधिक अशुभ कर्म का क्षय होकर शुभ कर्मों का बंध होता है। साध्वी राज श्री म.सा ने श्रीपाल चारित्र वाचन कर जप के माध्यम से ओली आराधना सम्पन्न करवाई। साध्वी समीक्षाश्रीजी ने नवकार आराधना की महिमा स्तवन के माध्यम से व्यक्त की।
संघ के महामंत्री पवन कटारिया ने धर्मसभा का संचालन करते हुए बताया कि आगामी 9 अत्तूबर से सुबह 8.45 बजे से प्रतिदिन भगवान की अंतिम वाणी उत्तराध्ययन सूत्र मूल व अर्थ का वाचन रहेगा। नवपद ओली का लाभ लेने पर मुल्तानमल प्रकाशचंद पद्मा देवी बरमेचा परिवार का संघ की ओर से बहुमान किया गया। नवपद ओली करने वाले श्रावक-श्राविकाओं को अनिल मुथा परिवार और संघ की ओर से प्रभावना प्रदान की गयी। संघ की ओर से प्रभावना का लाभ मनदलाल अन्नराज बाफना परिवार ने लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



