डॉक्टर बनकर रोगियों के आभूषण लूटने वाली पति समेत गिरफ्तार
हैदराबाद, मल्काजगिरी पुलिस आयुक्तालय की मार्केट पुलिस तथा सिकंदराबाद जोन की टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मरीजों को बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर आभूषण लूटने वाली महिला को पति समेत गिरफ्तार कर लिया। टास्क फोर्स के डीसीपी गायकवाड़ वैभव रघुनाथ ने बताया कि विकाराबाद के नवाबपेट में रहने वाली गौंडला शिरीषा (25) और उसके पति एडुलापल्ली साई कुमार गौड़ (30) को विभिन्न अस्पतालों में रोगियों के आभूषण चुराने के मामले में गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से करीब 11 तोला सोने के आभूषण, दो मोबाइल फोन और एक मारुति सुजुकी बलेनो कार जब्त की गयी।
डीसीपी ने बताया कि शिरीषा फार्म-डी (डॉक्टर ऑफ फार्मेसी) की छात्रा है। आर्थिक तंगी के चलते उसने अपने पति के साथ मिलकर अस्पतालों में चोरी की साजिश रची। अपनी मेडिकल जानकारी का इस्तेमाल करते हुए वह अस्पतालों में डॉक्टर या स्टाफ के रूप में प्रवेश करती थी। आरोपी महिला विशेष रूप से बुजुर्ग महिला मरीजों को निशाना बनाती थी। वह अपने साथ डायजेपाम नामक सिडेटिव इंजेक्शन रखती थी, जो नींद लाने और बेहोश करने के लिए इस्तेमाल होता है।
यह भी पढ़ें… जग्तियाल : गर्भवती की पति ने चाकू मारकर हत्या की
डॉक्टर की ड्रेस पहनकर वह मरीजों के पास जाती और उन्हें इंजेक्शन देकर बेहोश कर देती थी। इसके बाद वह रोगियों के शरीर पर पहने सोने के आभूषण उतारकर मौके से फरार हो जाती थी। उन्होंने बताया कि गत 11 मार्च को आरोपी महिला सिकंदराबाद स्थित एक निजी अस्पताल में इसी तरीके से दाखिल हुई थी। वहां उसने एक महिला मरीज को बेहोश कर उसके आभूषण लूट लिए और फरार हो गई। इसके अलावा, आरोपी पहले भी चंदानगर के नल्लागंडला स्थित एक अन्य अस्पताल में इसी तरह की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





