हरित एवं स्वच्छ तेलंगाना के लिए मिलकर काम करें: रेवंत

हैदराबाद, तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने राज्य के नागरिकों का आह्वान किया है कि राज्य को पृथ्वी का सबसे हरा-भरा, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक राज्य बनाने के लिए सभी मिलकर काम करें।

विश्व पर्यावरण दिवस पर रेवंत रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेलंगाना के लोगों को पर्यावरणीय चिंताएं, उसकी सुरक्षा, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का एक सशक्त संदेश दिया है। उन्होंने राज्यवासियों से प्रकृति की रक्षा और सतत विकास के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें प्रकृति को समझना चाहिए, उसके नियमों और सीमाओं का सम्मान करना चाहिए और अपने जीवन के हर क्षेत्र — चाहे वह निजी हो या सार्वजनिक, व्यक्तिगत हो या सामूहिक सभी में स्थिरता लाने का प्रयास करना चाहिए।

पर्यावरण संरक्षण में नागरिक सहभागिता पर रेवंत रेड्डी का ज़ोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए तेलंगाना सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार ने पर्यावरण संरक्षण के लिए कठोर नियम बनाए हैं। वृक्षारोपण से प्रकृति के कायाकल्प के प्रयास किये जा रहे हैं। रीसाइकलिंग के द्वारा वस्तुओं के पुन: प्रयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है और सतत विकास के लक्ष्य को अपनाकर प्रकृति की रक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री ने तेलंगाना राज्य को पृथ्वी का सबसे हरा-भरा, नीला, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक प्रदेश बनाने का संकल्प भी दोहराया।

सीएम ने कहा कि यह लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से पूरा नहीं होगा, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही इसे संभव बनाया जा सकेगा। लक्ष्य को साधने के लिए सभी नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।

उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस हर साल 5 जून को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना और प्रकृति की रक्षा हेतु साझा प्रयासों को बढ़ावा देना है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button