उत्तर प्रदेश के मजदूरों ने पुलिस पर किया हमला
हैदराबाद, सूर्यापेट जिले के पालकविडू मंडल स्थित डेक्कन सीमेंट फैक्ट्री के पास एक मजदूर की मौत की घटना को लेकर साथी मजदूरों ने फैक्ट्री व पुलिस पर हमला किया। मजदूरों ने पुलिस और फैक्ट्री पर पत्थर बरसाने के अलावा पुलिस को भगाकर लाठियों से पीटा। इस हमले में पालकविडू पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर कोटेश समेत कुछ पुलिस कांस्टेबल घायल हो गये। घटना के बाद फैक्ट्री के पास पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सब इंस्पेक्टर कोटेश के अनुसार उत्तर प्रदेश के बलिया जिला निवासी विनोद (45) अवाक आउटसोर्सिंग एजेंसी के जरिए डेक्कन फैक्ट्री में मजदूर के रूप में नियुक्त हुआ। फैक्ट्री में मजदूरी करते हुए वह फैक्ट्री के पीछे लेबर कॉलोनी में रह रहा था। गत रविवार को शाम 5 बजे कपड़े धोते समय विनोद को तेज दिल का दौरा पड़ा, जिस कारण उसके परिजन व सहकर्मी उसे मिर्यालागुड़ा के सरकारी अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने विनोद का परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया और मौत का कारण दिल का दौरा बताते हुए विनोद का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें… पुलिस भर्तियों को लेकर जनहित याचिका दायर
मजदूरों ने फैक्ट्री-पुलिस पर किया हिंसक हमला
विनोद के परिजन व साधी मजदूरों ने आज फैक्ट्री के समक्ष धरना देकर मृतक विनोद के परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग करते हुए फैक्ट्री के समक्ष धरना देते हुए हंगामा किया। इस कारण फैक्ट्री प्रबंधन ने पालकविडू पुलिस में शिकायत कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने धरना दे रहे लोगों को धरना समाप्त करने का आग्रह किया और सलाह दी की पुलिस के साथ कुछ लोगों के चलने पर फैक्ट्री प्रबंधन से बात कर उनकी समस्या को सुलझाया जाएगा।

लेकिन धरना दे रहे लोगों ने पुलिस की एक ना सुनी और अभी मुआवजा जारी करने पर जोर देते हुए अचानक पुलिस व फैक्ट्री के सुरक्षाकर्मियों पर पत्थरों से और लाठियों से हमला कर दिया। फैक्ट्री के सेक्युरिटी रूम पर पत्थर मार कर खिड़कियों के कांच तोड़ दिये और वहां रखे फूल के गमले भी तोड़ दिये। इतना ही नहीं पुलिस पर पत्थर मारने के अलावा उनकी लाठियों से भी पिटाई कर दी।
फैक्ट्री के पास खड़े पुलिस के वाहनों पर भी पत्थर बरसा कर काँच फोड दिये। घटना की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल को भेज कर स्थिति को नियंत्रित करने के बाद कुछ हमलावरों को पुलिस ने हिरासत में लिया। पूर्व जागरूकता के तौर पर फैक्ट्री के पास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



