जगन्नाथ मठ में यज्ञोपवित संस्कार आयोजित
हैदराबाद, सीताराम बाग स्थित श्री जगन्नाथ मठ (माधवदास झीरा) में पूज्य श्री श्री श्री त्रिदंडी श्रीनिवास व्रतधर रामानुज जीयर स्वामी की प्रेरणा से आज पूर्णिमा के दिन जनेऊ यज्ञोपवित संस्कार का आयोजन किया गया। बुधवार, 11 जून को सुबह 11.30 बजे से श्री जगन्नाथ स्वामी का ज्येष्ठाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आज यहाँ श्री जगन्नाथ मठ के मठाधीश अच्युत रामानुजाचार्य (अजय महाराज) ने बताया कि जीवन में 16 संस्कारों में से यज्ञोपवित दसवाँ संस्कार है।
सनातन धर्म में यज्ञोपवित धारण करने के बाद ही वेद अध्ययन का पारायण, पूजा-पाठ ब्राह्मण कर सकता है। इसीलिए श्री जगन्नाथ गुरुकुल वेद पाठशाला में वेद बटुक ब्राह्मणों को जनेऊ का संस्कार प्रदान किया गया, जिसमें अनेक भक्तों ने आकर ब्राह्मण बटुकों को सेवा दी। अवसर पर श्रीगोपाल सोनी, रिद्धिश जागीरदार, मठ से जुड़े सभी भक्तों ने ब्राह्मण बच्चों को प्रसाद रूपी सेवा प्रदान कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
महाराज ने आगे बताया कि आषाढ़ ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा को श्री जगन्नाथ स्वामी का ज्येष्ठाभिषेक कार्यक्रम 11 जून को सुबह 11.30 बजे से आयोजित किया जाएगा, जिसमें 108 कलशों से श्री जगन्नाथ भगवान का अभिषेक किया जाएगा। ज्येष्ठाभिषेक के दूसरे दिन श्री जगन्नाथ 15 दिनों के लिए बीमार हो जाएंगे। प्रभु को सिर्फ काढ़े का भोग लगाया जाएगा। फिर आषाढ़ माह की द्वितीया पर भगवान श्री जगन्नाथ रथ पर विराजित होकर नगरद्वय की यात्रा पर निकलेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे।
यह भी पढ़ें… सेवा और सुशासन के प्रति समर्पित हैं मोदी: धर्मेंद्र प्रधान
ज्ञानबाग में प्रवास, सुन्दरकांड और महायज्ञ आयोजन
उसके बाद मंदिर में प्रवेश करेंगे जिसमें दो दिन का प्रवास ज्ञानबाग कॉलोनी कम्युनिटी हॉल में किया जाएगा। ज्ञानबाग में प्रभु ननिहाल पक्ष में दो दिन 27 व 28 जून की रात्रि में रहने के बाद 29 को श्री जगन्नाथ मठ में वापस पधारेंगे। 28 जून को सुन्दरकांड और महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। महाराज ने आगे बताया कि रविवार 29 जून को श्री गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
शाम में भगवान श्रीरथ पर विराजमान होकर श्री जगन्नाथ मठ में प्रवेश करेंगे। 27 जून को हजारों भक्तों के लिए महाप्रसाद की सेवा श्री जगन्नाथ मठ परिवार के सेवादारों व श्री जगन्नाथ सेवा समिति द्वारा की जाएगी। इस सेवा में यदि किसी को शामिल होना है, तो वह मठ के कार्यालय या सदस्यों से संपर्क कर सकता है। श्री जगन्नाथ मठ में श्रीनिवास व्रतधर रामानुज स्वामी एक संकल्प लेकर गौ सेवा, वृद्धों की सेवा, वेद बटुक ब्राह्मणों की सेवा, हनुमान भक्त पीठम द्वारा हनुमान चालीसा की सेवा, लक्ष्मीनारायण यज्ञ, भागवत पारायण, श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन करवाते आये।
मठाधिपति अच्युत रामानुजाचार्य ने बताया कि जिस प्रकार पहले मठ परिवार स्वामीजी के सानिध्य में बढचढ कर कार्यक्रमों में हिस्सा लेते थे, उसी प्रकार अब भी जुड़ें। श्री जगन्नाथ मठ भक्तों का आभारी है। उन्होंने श्री जगन्नाथ ज्येष्ठाभिषेक कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का भक्तों से आग्रह किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



