योग का किसी धर्म से कोई संबंध नहीं : वेंकय्या नायुडू
हैदराबाद, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकय्या नायुडू ने स्वस्थ व शक्तिशाली भारत निर्माण पर जोर देते हुए सभी को प्रतिदिन योगाभ्यास करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि योग का किसी धर्म से कोई संबंध नहीं है। यह एक जीवनशैली है, जिसका पालन करने से मानसिक व शारीरिक तौर पर मजबूत और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के एक दिन पहले आज 24 घंटे काउंट डाउन योग दिवस के तौर पर लाल बहादुर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकय्या नायुडू ने चिंता जताते हुए कहा कि कुछ लोग योग को धर्म से जोड़ रहे हैं, परंतु इसका किसी धर्म से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि योग को लेकर अनावश्यक रूप से किसी प्रकार का विवाद या राजनीति ना की जाए, क्योंकि योग से योग्य पुरुष तैयार होते हैं और हर परिवार को प्रतिदिन योगाभ्यास करना चाहिए। जो योग करेगा वह स्वस्थ रहेगा।
एम. वेंकय्या नायुडू ने कहा कि योग का अर्थ सभी इंद्रियों को वश में करना, मानसिक शक्तियों को एकत्रित करना, एकाग्रता हासिल कर आत्म शक्तियों को जगाना है। इस साधना का अंतिम लक्ष्य मानवता हासिल करना है। उन्होंने कहा कि आदियोगी महर्षि पतंजलि का स्मरण करना सभी का धर्म है, जिन्होंने स्वास्थ्यवर्धक योग कला के माध्यम से मानवता का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि भागवत गीता के हर अध्याय को योग ही माना जाता है।
यह भी पढ़ें… अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : भारत के सॉफ्ट पावर का मेरुदंड
योग: आतंकवाद, तनाव और रोगों का समाधान
एम. वेंकय्या नायुडू ने कहा कि तनावमुक्त जीवन जीने में योगाभ्यास की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि भारत पर कई बार विदेशी हमले किए गए, हमारी संपदा को लूट गया, हमारे सपने, हमारे शास्त्रां को हमसे दूर करने की कोशिशें की गईं, हमारे मंदिर ध्वस्त कर दिए गए, फिर भी ऐसी परिस्थितियों से उबरकर हम पुन शक्तिशाली देश बन रहे हैं। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारत द्वारा आतंकवाद के अंत के लिए चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकय्या नायुडू ने कहा कि जिस प्रकार हमारी सेना ने शत्रु देश में घुसकर केवल 22 मिनट में आतंकियों के ठिकाने नष्ट कर शौर्य का परिचय दिया, उससे सारा विश्व आश्चर्यचकित है।

केंद्रीय कोयला, खान मंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने योग को सर्वप्रथम चिकित्सक बताते हुए कहा कि योगाभ्यास सर्वरोग निवारिणी है। इसे हर परिवार को प्रतिदिन करना चाहिए, जिससे जीवन में सकारात्मक परिणाम तो प्राप्त होते ही हैं, साथ ही मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत होकर तनाव मुक्त जीवन व्याप्त किया जा सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति तेलंगाना की ओर से कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने सारे विश्व को भारत के द्वारा योग के रूप में एक उपहार दिया है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है। करीब 200 से अधिक देश योगाभ्यास आचरण कर रहे हैं, जो भारत के लिए बड़ा गौरव है। उन्होंने पड़ोसी राज्य आंध्र-प्रदेश के विशाखापट्टनम में शनिवार, 21 जून को मनाए जाने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के संदर्भ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उपस्थित होने की जानकारी देते हुए कहा कि कार्यक्रम में करीब 5 लाख से अधिक लोग हिस्सा लेंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



