चाइनीज मांझे से युवक का कटा गला
हैदराबाद, पुराने शहर में चाइनीज मांझा गले में फंसने के कारण मोटरसाइकिल पर जा रहे एक युवक का गला कट गया। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व नगर के कीसरा थाना परिधि में इसी प्रकार से चाइनीज मांझे के कारण मोटरसाइकिल पर जा रहे एक युवक का गला कट गया था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके गले पर 19 टांके लगाए गये।
यह घटना पुराने शहर के शक्करगंज में प्रकाश में आई। नवाब साहब कुंटा इलाके का रहने वाला जमील नाम का एक युवक बाइक चला रहा था, तभी एक चाइनीज मांझा उसकी गर्दन पर लग गया। इससे उसका गला कट गया और उसे गंभीर चोटें आईं। युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत गंभीर है।
युवक के पिता की शिकायत पर स्थानीय पुलिस मामला दर्ज कर तहकीकात कर रही है। चाइनीज मांझे पर बैन होने के बावजूद, अधिकारियों की लापरवाही और निगरानी की कमी के कारण, ये बाज़ार में काफी मात्रा में मिल रहे हैं। गौरतलब है कि दो वर्ष पूर्व लंगर हौज फ्लाई ओवर पर इसी प्रकार की एक घटना में चाईनीज मांझे से गला कट जाने के कारण एक आर्मी के जवान की मौत हो गयी थी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



